जिले में बुखार और डेंगू का प्रकोप थम नहीं रहा है। इंटेलिजेंस इंस्पेक्टर (विशेष अभिसूचना अधिकारी) समेत 15 लोगों में डेंगू की पुष्टि हुई है। इसके अलावा बुखार के भी 322 नए मरीज पाए गए हैं।
सीएमओ डॉ. राजीव सिंघल ने बताया कि बुधवार को अमरोहा के गांव सिरसा जट् व बरखेड़ा सादात, गंगेश्वरी के गांव रहरा, जोया के गांव सरखडी अजीज, बुढ़नपुर, हसनपुर के गांव माछरा-भगवानपुर, गजरौला के गांव तिगरी, धनौरा के गांव कपसुआ व शाहपुर रजेरा में विभाग द्वारा स्वास्थ्य शिविर लगाए गए। इसनें कुल 1023 रोगियों की जांच की गई। इस दौरान 322 बुखार के मरीज पाए गए। सभी बुखार के मरीजों की एनएस-वन, टायफाइड, मलेरिया की जांच की गई। इस दौरान जोया में 2, मंडी धनौरा के शाहपुर रजेरा में 3 और कपसुआ गांव में 9 डेंगू के मरीज मिले हैं। उधर, इंटेलिजेंस इंस्पेक्टर सुरुचि देवी को भी डेंगू की पुष्टि हुई हैं। उन्हें करीब एक सप्ताह पहले बुखार आया था। तीन दिन वह अमरोहा नगर के एक निजी अस्पताल में भर्ती रहीं लेकिन उसकी तबियत बिगड़ती गई। जिहाजा उन्हें मुरादाबाद के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जहां उन्हें डेंगू की पुष्टि हुई हैं। बताया जा रहा है की उनकी प्लेटलेट्स लगातार गिरती जा रही हैं। वर्तमान में केवल 19 हजार प्लेटलेट्स बची हैं।