गजरौला। माघ माह की मौनी अमावस्या पर सोमवार को ब्रजघाट गंगा किनारे स्नान के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ जुटेगी। मौनी अमावस्या पर गंगा स्नान व दान का बड़ा महत्व है। मौनी अमावस्या पर स्नान के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु ब्रजघाट और तिगरी में गंगा किनारे पहुंचते हैं। ऐसे में प्रशासन भी सतर्क है। हाईवे पर यातायात को लेकर पहले ही सुरक्षा योजना बनाई जा चुकी है। जाम का सामना न करना पड़े इसके लिए प्रशासन रविवार शाम से ही सतर्क है।
माघ माह चल रहा है और इस माह में आने वाली अमावस्या मौनी अमावस्या कहलाती है। विद्वानों के मुताबिक इस मौनी अमावस्या पर पवित्र संगम और नदियों में देवताओं का निवास होता है। यही कारण है कि इस दिन पवित्र और पावन नदियों में स्नान का खास महत्व है। खासतौर से गंगा स्नान का। पंड़ित दयानंद शर्मा ने बताया कि इस दिन गंगा या अन्य पवित्र नदियों या संगम में स्नान के बाद अपनी इच्छानुसार अन्न, वस्त्र, धन, गाय, भूमि और स्वर्ण दान में दिया जा सकता है।