भाकियू के चक्का जाम से एनएच पर रेंगे वाहन
अमर उजाला ब्यूरो
गजरौला।
भाकियू के चक्का जाम से राहगीरों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। रजबपुर में भारतीय किसान यूनियन असली द्वारा हाईवे पर चक्का जाम किए जाने से गजरौला चौपला पर जाम की स्थिति बन गई है। पुलिस ने दिल्ली की मुरादाबाद जाने वाले वाहनों का रूट डायर्वजन कर दिया। चौपला से हसनपुर-अतरासी होते हुए मुरादाबाद के लिए वाहनों को निकाला गया। इससे तीन घंटे तक चौपला पर जाम की स्थिति बनी रही। यात्रियों को परेशानियों का सामना करना पड़ा।
भारतीय किसान यूनियन असली की विभिन्न मांगों को लेकर प्रदेश आह्वान पर रजबपुर में चक्का जाम किया गया। हाईवे पर वाहनों की कतारें लग गईं। इसे देखते हुए गजरौला पुलिस ने दिल्ली की ओर से मुरादाबाद को जाने वाले वाहनों को गजरौला चौपला पर रूट बदल दिया। चौपला से हसनपुर की तरफ रूट डायवर्जन कर दिया गया। वाहन हसनपुर, अतरासी होते हुए मुरादाबाद पहुंचे। रूट डायवर्जन से गजरौला चौपला पर वाहनों का जमावड़ा लग गया। पहले से ही निर्माणाधीन फ्लाईओवर की वजह से बनाए गए कट के कारण चौपला पर जाम की स्थिति बन रही थी, लेकिन शुक्रवार को रूट डायवर्जन से वाहनों का अधिक जमावड़ा रहा। इससे दोपहर बारह बजे से तीन बजे तक जाम की स्थिति बनी रही। तीन घंटे तक वाहन रेंग-रेंगकर चलते रहे। दूर-दूर तक वाहनों की लाइन लगी रही। गर्मी के मौसम में बीस मिनट का सफर दो घंटे में पूरा होने से यात्रियों को परेशानियों का सामना करना पड़ा।