अमरोहा। कोरोना वायरस का नया वैरिएंट ओमिक्रॉन सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग में खलबली मची है। विदेश से आने वालों को सिलसिला लगातार जारी है। गुरुवार को भी 13 लोग अमरोहा पहुुंचे हैं। सभी को स्वास्थ्य विभाग ने ट्रेस कर लिया उनके सैंपल कराए हैं। इसके अलावा विदेश से लौटने वाले सभी लोगों को सात दिन बाद फिर कोरोना की जांच कराने के निर्देश दिए हैं। वहीं लापता चल रहे तीन लोग ट्रेस हो चुके हैं। टीम ने आरटीपीसीआर जांच के लिए उनके सैंपल लेकर लैब भेजे हैं।
दक्षिण अफ्रीका, हांगकांग और बोत्सवाना सहित 13 देशों में कोरोना वायरस का नए वैरिएंट ओमिक्रॉन सामने आने के बाद अमेरिका, दुबई सहित कई देशों से 37 लोग अमरोहा लौटे थे। हवाई अड्डों से मिली सूची के आधार पर स्वास्थ्य विभाग ने 28 लोगों से संपर्क करके आरटीपीसीआर जांच कराई थी, जिसमें रिपोर्ट निगेटिव आई थी। लेकिन विदेशी यात्रा करने वाले चार लोग लापता थे, उन्हें भी स्वास्थ्य विभाग ने ट्रेस कर लिया है। सीएमओ डॉ संजय अग्रवाल ने बताया कि गुरुवार को फिर 13 लोग विदेश से लौटे हैं। सभी को ट्रेस कर लिया है। उनकी आरटीपीसीआर जांच के लिए सैंपल लिए गए हैं। विदेश से आने वाले लोगों की संख्या अब तक पचास हो गई है।