मंडी धनौरा। बिजली विभाग के दुर्दिन खत्म होने का नाम नहीं ले रहे हैं। दो माह में बिजली करंट से आठ मौत व बिजलीघर फुंक जाने के बाद गुरुवार सुबह एक गर्भवती महिला करंट से बुरी तरह झुलस गई। उसे नाजुक हालत में मेरठ के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हाईटेंशन लाइन के तार घरेलू लाइन के तार से टच हो जाने की वजह से महिला के घर में करंट फैल गया था। थाना क्षेत्र के गांव दिसौरा निवासी गजेंद्र सिंह की पत्नी सात माह की गर्भवती है। गजेंद्र व परिवार के अन्य लोग खेत पर गए हुए थे। घर पर उसकी पत्नी बंटी अकेली थी। हाईटेंशन लाइन के तारों के एलटी लाइन से टच हो जाने की वजह से अचानक घर में करंट फैल गया। वह उस समय मेनगेट के पास खड़ी थी। करंट लगते ही वह बुरी तरह झुलस गई। सूचना मिलने पर परिजन उसे निजी चिकित्सक के यहां लाए। चिकित्सक ने हालत नाजुक देखते हुए उसे बाहर ले जाने की सलाह दी। मेरठ के एक अस्पताल में बंटी जिंदगी व मौत के बीच झूल रही है। गर्भस्थ शिशु की जान भी खतरे में बताई गई है। परिजनों ने बिजली विभाग के खिलाफ मुकदमा करने की बात कही है।