अमरोहा। जिले के बारह हजार किसानों को सम्मान निधि के लिए अभी और इंतजार करना पड़ेगा। यह किसान दो हेक्टेयर से अधिक जमीन वाले है। शासन की पहली गाइडलाइन के चलते यह किसान अपात्र दर्शाए गए थे। हालांकि की दूसरी गाइड लाइन मिलने के बाद कृषि विभाग ने सभी किसानों को पात्रता की श्रेणी में लाकर रिपोर्ट सरकार की वेबसाइट पर अपलोड कर दी है। इन किसानों के खाते में सम्मान निधि कब और कैसे आएगी, यह सब शासन के अफसरों पर निर्भर करता है।
जिले में कुल 2. 65 लाख किसान हैं। इसमें से 2.26 लाख किसान सम्मान निधि पाने के लिए पात्र हैं। लेकिन, मात्र 1.68 लाख किसानों को धनराशि मिल रही है। अब तक सात किस्तें किसानों के खातें में पहुंच चुकी हैं। लेकिन, करीब 62 हजार किसान योजना से वंचित थे। उनके डाटा में गड़बड़ियां हैं। किसी के खाते नंबर गलत है तो किसी का आधार नंबर। इन किसानों को एक भी किस्त नहीं मिल सकी है। कोरोना कॉल में बढ़ी दुश्वारियोें के बीच केंद्र सरकार की ओर से दी जा रही पीएम किसान सम्मान निधि से कई किसानों के चेहरे पर मुस्कान आई, तो बारह हजार काश्तकारों के चेहरे आज तक नहीं खिल सके। यह किसान दो हेक्टेयर से अधिक जमीन वाले हैं। शासन की गाइड लाइन के मुताबिक शुरू में इन किसानों को अपात्र रखा गया था। लेकिन, सरकार के दूसरी गाइडलाइन में सभी किसानों को पात्र बनाने के निर्देश मिले। इसके बाद कृषि विभाग ने सभी किसानों को पात्र बनाकर दिया है। जिला कृषि अधिकारी राजीव कुमार ने बताया कि दो हेक्टेयर से अधिक जमीन वाले 12 हजार किसानों को सम्मानि निधि जल्द मिलेगी। उन्हें पात्र दिखाकर रिपोर्ट सरकार की वेबसाइट पर अपलोड कर दी है।