नौगांवा सादात। बाकीपुर ग्राम पंचायत के ग्राम प्रधान पद के लिए वोटों की मंगलवार को दोबारा गिनती की गई लेकिन 117 वोट गायब हो गए। मतगणना बीच में ही रोकनी पड़ी। कई घंटे की माथापच्ची के बाद एसडीएम ने 23 जनवरी को तीसरी बार पुनः मतगणना करने के आदेश दिए हैं। अंदाजा लगाया जा रहा है कि 117 मतपत्रों की पेटी गायब कर दी गई है या फिर कर्मचारी उस पेटी को स्ट्रांग रूम से ले जाना भूल गए। इस तरह की गड़बड़ी से अधिकारियों-कर्मचारियों की कार्यशैली पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
जिले में वर्ष 2021 त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव हुए थे। दो मई को मतगणना हुई थी। नौगांवा सादात थानाक्षेत्र ग्राम पंचायत बाकीपुर में नौ प्रत्याशी मैदान में थे। मतगणना के दौरान अमीर बानो 376 वोट लेकर चुनाव जीत गईं थीं। उन्होंने अपनी प्रतिद्वंद्वी मंजीलत को 22 वोटों से हराया था। मंजीलत को कुल 354 वोट मिले थे। चुनाव हारने के बाद मंजीलत ने मतगणना में धांधली का आरोप लगाकर अपने अधिवक्ता अतुल चिकारा के जरिए एसडीएम नौगांवा सादात के वोटों की दोबारा गिनती की मांग की। 9 नवंबर 2023 को एसडीएम ने ग्राम पंचायत की वोटो की दोबारा गिनती करने के आदेश दिए थे। लेकिन चुनाव जीतने वाली अमीर बानो एसडीएम के आदेश के खिलाफ हाईकोर्ट चली गईं लेकिन उन्हें कोई राहत नहीं मिली।
इसके बाद एसडीएम के आदेश पर मंगलवार को ग्राम पंचायत की वोटों की गिनती शुरू की गई। करीब 11 बजे मतगणना शुरू हुई, लेकिन 1:30 बजे बीच में ही रोकनी पड़ी। इस दौरान 117 वोटों की मतपेटी गायब थी। एसडीएम ने उच्च अधिकारियों से बातचीत की और करीब पांच बजे पुन: मतगणना के आदेश दिए। अब 23 जनवरी को ग्राम पंचायत के प्रधान पद के वोटों की तीसरी बार गिनती होगी। एसडीएम सुधीर कुमार ने बताया कि कुछ वोटों की मतपेटी स्ट्रांग रूम में रह गई है। सभी पेटियों को मंगाकर 23 जनवरी को मतगणना होगी।