मंडी धनौरा। बाढ़ का पानी देखने गए एक युवक पैर फिसलने से नदी में डूब गया। ग्रामीण गोताखोर युवक की तलाश में जुटे हुए हैं। दूसरी ओर एक सप्ताह पहले डूबे देवीपुरा गांव के राजेंद्र का अभी तक कोई सुराग नहीं मिला है। बिहार के किसी जिले का निवासी राजू (28) देवीपुरा गांव निवासी करन सिंह के यहां पर रहकर मजदूरी का काम करता था। गुरुवार की सुबह वह देवीपुरा से सटे हुए गांव मुकारमपुर गया था। वहां पर वह बाढ़ का पानी देखने लगा। सड़क किनारे एक स्थान पर पानी काफी गहरा बताया जाता है। अचानक राजू का पांव फिसला और वह नदी में गिर गया। कुछ लोगों ने राजू को डूबते हुए देखा तो गांव वालों को सूचना दी। ग्रामीण गोताखोर उसकी तलाश में जुटे हुए थे। खादर क्षेत्र के गांवों में बाढ़ की वजह से नदी का जलस्तर बढ़ा हुआ है। प्रशासन की तमाम हिदायत के बावजूद लोग बाढ़ के पानी में जाने से कतरा नहीं रहे हैं। देवीपुरा गांव निवासी राजेंद्र का आज तक कोई सुराग नहीं लगा है। वह एक हफ्ते पहले गंगा नदी में नहाने के दौरान डूब गया था।