तीन दिन से गांवों में नहीं आई बिजली, गुस्साए ग्रामीणों ने एसएसओ को बनाया बंधक
अमर उजाला ब्यूरो
ढबारसी।
क्षेत्र के ढबारसी बिजलीघर से जुड़े करीब साठ गांवों में पिछले तीन दिन से अंधेरा है। इससे लोगों को परेशानी हो रही है। बार-बार शिकायत करने के बावजूद भी ध्यान नहीं दिया गया तो भड़के कई गांवों के लोग शुक्रवार को बिजलीघर पहुंच गए। नारेबाजी करते हुए हंगामा किया गया। एसएसओ को दो घंटे तक बंधक बनाए रखा। बाद में जेई के आश्वासन पर लोग शांत हुए।
ढबारसी बिजलीघर से जुड़े गांव बुखारीपुर, ओगारपुर, चंदन कोटा, ढबारसी, आदमपुर, फत्तेहपुर, दमगढ़ा, बीजलपुर, बागढ़पुर, सिकंदराबाद, कोकापुर, पाडली, सैदरा मिलक, ओगपुरा, सांथलपुर, सिमथला, भीमा सुल्तानपुर समेत करीब साठ गांवों की पिछले दिन से आपूर्ति ठप है। बार-बार ग्रामीणों द्वारा मांग करने के बावजूद भी इस तरफ कोई ध्यान नहीं दिया गया। गुस्साए लोग शुक्रवार को एकत्र होकर बिजलीघर पहुंच गए। यहां हंगामा करते हुए एसएसओ सौरभ कुमार को दो घंटे तक बंधक बनाए रखा। इस दौरान नारेबाजी करते हुए लोगों ने बिजली विभाग के खिलाफ प्रदर्शन भी किया। सूचना मिलते ही जेई मोमराज सिंह पहुंच गए। जेई को आश्वासन पर लोग शांत हुए। प्रदर्शन करने वालों में राधेश्याम, कैसर परवेज, मास्टर मुनेश, अरशद ,बबली किन्नर, तेजपाल ,ताहिर ,गयासुद्दीन, मंगू सिंह, अनीस अहमद, चरण सिंह आदि मौजूद रहे। जेई मोमराज सिंह ने बताया कि बिजलीघर में ही इनपुट सप्लाई नहीं मिल रही। जिस वजह से गांवों को आपूर्ति नहीं मिल पाई। लाइन में मरम्मत कार्य कराया जा रहा है। जल्द ही आपूर्ति सुचारू होगी।