त्रिस्तरीय पंचायत उप चुनाव का बिगुल बजा, एक जुलाई को मतदान
- डीएम ने जारी की चुनाव की अधिसूचना, 41 रिक्त पदों के लिए होगा उप चुनाव
- चुनाव की घोषणा के साथ ही की गई आरओ, एआरओ की तैनाती
अमर उजाला ब्यूरो
अमरोहा। राज्य निर्वाचन आयोग ने त्रिस्तरीय पंचायत उप चुनाव का बिगुल बजा दिया है। चुनाव का कार्यक्रम भी जारी कर दिया है। इसी क्रम में डीएम ने बुधवार को चुुनाव की अधिसूचना जारी कर दी। जिले में ग्राम प्रधान के चार, क्षेत्र पंचायत सदस्य के चार, जिला पंचायत सदस्य के दो, ग्राम पंचायत सदस्य के 31 रिक्त पदों पर उप चुनाव कराया जाएगा। बीस जून से नामांकन प्रक्रिया शुरू होगी। एक जुलाई को मतदान और तीन जुलाई को मतगणना कराई जाएगी। उप चुनाव की सभी प्रक्रिया को पूर्ण कराने के लिए निर्वाचन अधिकारी और सहायक निर्वाचन अधिकारी की नियुक्ति कर दी गई है।
जिलाधिकारी नवनीत सिंह चहल ने पंचायत उप चुनाव की अधिसूचना जारी करते हुए चुनाव कार्यक्रम की अफसरों को जानकारी दी। आयोग की गाइड लाइन के अनुसार उप चुनाव को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराने की बात कही। बताया कि, उप चुनाव के लिए बीस जून को नामांकन होंगे। 22 जून को नामांकन की जांच होगी। 24 जून को जांच के बाद नाम वापसी, उसी दिन प्रतीक चिह्न आवंटन होगा। इसके बाद एक जुलाई को मतदान और तीन जुलाई को मतगणना कराई जाएगी। ग्राम प्रधान, पंचायत सदस्य और क्षेत्र पंचायत सदस्यों की नामांकन प्रक्रिया संबंधित ब्लाक कार्यालय पर संपन्न कराई जाएगी, जबकि जिला पंचायत सदस्य की नामांकन प्रक्रिया जिला मुख्यालय पर होगी। जिला मुख्यालय से ही परिणाम घोषित किए जाएंगे।
जिले में चार ग्राम प्रधान के लिए उप चुनाव
अमरोहा। अमरोहा ब्लाक के गांव अहरोई, धनौरा ब्लाक के गांव धनौरी खुर्द, हसनपुर ब्लाक के गांव नूरपुर खुर्द और गंगेश्वरी ब्लाक के गांव तलावड़ा में ग्राम प्रधान का पद रिक्त हैं। इन पदों को भरने के लिए उप चुनाव कराया जाएगा।
जिला पंचायत सदस्य के दो रिक्त पद
अमरोहा। जिला पंचायत सदस्य के दो रिक्त पदों पर उप चुनाव कराया जाएगा। इसमें वार्ड नंबर नौ और वार्ड नंबर 17 का पद रिक्त हैं। यहां उप चुनाव होगा।
क्षेत्र पंचायत के चार पद रिक्त
अमरोहा। अमरोहा ब्लाक में वार्ड नंबर 85 गांव जाजरु, गजरौला ब्लाक में वार्ड नंबर 13 सलेमपुर गोसाई प्रथम, वार्ड नंबर 59 मनौटा, धनौरा ब्लाक में वार्ड नंबर 78 पतेक में क्षेत्र पंचायत सदस्य का पद रिक्त हैं। यहां उप चुनाव कराया जाएगा।
ग्राम पंचायत सदस्य के 31 रिक्त पदों पर होगा उप चुनाव
अमरोहा। अमरोहा ब्लाक के गांव मऊ मयचक में वार्ड नंबर दो, धनौरा ब्लाक में रसूलपुर भावर में वार्ड नंबर आठ, जैथल मुस्तकम में वार्ड नंबर आठ, चकवासीपुर में वार्ड नंबर नौ, गजरौला ब्लाक में कबीरपुर में वार्ड नंबर दो, बिजौरा में वार्ड नंबर आठ, मोहरकापट्टी में वार्ड नंबर नौ, हसनपुर ब्लाक में तसिया गांव में वार्ड नंबर एक, दो, तीन, बावनखेड़ी में वार्ड नंबर एक, सैदनंगली में वार्ड नंबर एक, टांडा में वार्ड नंबर एक, पतेई भूड़ में वार्ड नंबर दो, गंगेश्वरी ब्लाक के गांव दुल्हेपुर अहीर में वार्ड नंबर पांच, वार्ड नंबर छह, ओगपुरा में वार्ड नंबर तेरह, इमरतपुर में वार्ड नंबर दस, देंहरी खादर में वार्ड नंबर तेरह, फतेहपुर अधेक में वार्ड नंबर तीन, वार्ड नंबर छह, बांस का मदारीपुर में वार्ड नंबर नौ, सिकंदराबाद में वार्ड नंबर पांच, सूबरा में वार्ड नंबर छह, भैसरौली में वार्ड नंबर आठ, खरपड़ी में वार्ड नंबर सात, पौरारा में वार्ड नंबर तीन में ग्राम पंचायत सदस्स का पद रिक्त है। उक्त रिक्त पदों पर उप चुनाव कराया जाएगा।
जिला पंचायत सदस्य के लिए आरओ, एआरओ
अमरोहा। जिला पंचायत सदस्य के दो रिक्त् पदों पर उप चुनाव की प्रक्रिया को संपन्न कराने के लिए जिला विकास अधिकारी मदन वर्मा आरओ रहेंगे। जबकि अधिशासी अभियंता नलकूप विभाग के मनोज कुमार, सीवीओ डा. बृजवीर सिंह को सहायक निर्वाचन अधिकारी की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
ग्राम प्रधान, सदस्य ग्राम पंचायत के लिए आरओ, एआरओ
अमरोहा। अमरोहा ब्लाक में सहायक अभियंता जल निगम सुमित कुमार को आरओ, अवर अभियंता लोक निर्माण विभाग विनोद कुमार सहायक निर्वाचन अधिकारी रहेंगे। धनौरा ब्लाक में जिला कृषि रक्षा अधिकारी विकास कुमार आरओ, अवर अभियंता लोक निर्माण विभाग के कृष्ण कुमार एआरओ रहेंगे। गजरौला ब्लाक में भूमि संरक्षण अधिकारी सोमपाल सिंह आरओ, जल निगम के अवर अभियंता दीपक सहायक निर्वाचन अधिकारी रहेंगे। हसनपुर ब्लाक में एआरकोआपरेटिव रमेश यादव को आरओ बनाया गया है। जबकि लोक निर्माण विभाग के अवर अभियंता योगेश वर्मा एआरओ रहेंगे। गंगेश्वरी ब्लाक में लोक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता संजय कुमार को निर्वाचन अधिकारी बनाया गया है, जबकि लोक निर्माण विभाग के अवर अभियंता हरीश कुमार एआरओ रहेंगे। इसके अलावा छह निर्वाचन अधिकारियों की ड्यूटी रिजर्व में लगाई गई है।