गजरौला में किसान मुक्ति यात्रा स्वागत समारोह आयोजित
अमर उजाला ब्यूरो
गजरौला।
अखिल भारतीय किसान समन्वय संघर्ष समिति की ओर से देशभर में निकाली जा रही किसान मुक्ति यात्रा का बुधवार को गजरौला में भव्य स्वागत किया गया। इस दौरान आयोजित कार्यक्रम में संघर्ष समिति के संयोजक सरदार बीएम सिंह ने कहा कि केंद्र व प्रदेश सरकार लगातार किसानों के साथ धोखा कर रही है, ऐसा नहीं होने दिया जाएगा। स्वामीनाथन रिपोर्ट के अनुसार सरकार से फसलों का मूल्य हर हाल में लिया जाएगा। यहां तीसरे चरण की किसान मुक्ति यात्रा का समापन हो गया।
मध्यप्रदेश के मंदसौर से दो जुलाई को देश के 182 किसान संगठनों द्वारा किसान मुक्ति यात्रा का शुभारंभ किया गया था। यह यात्रा दो चरणों में सकुशल संपन्न हो चुकी है। तीसरे चरण की यात्रा दो अक्तूबर को बिहार के चंपारण से शुरू की गई थी। अखिल भारतीय किसान समन्वय संघर्ष समिति की ओर से निकाली जा रही किसान मुक्ति यात्रा बुधवार को गजरौला पहुंची। यहां शिव इंटर कालेज में स्वागत समारोह आयोजित किया गया। राष्ट्रीय किसान मजदूर संगठन की ओर से यात्रा का भव्य स्वागत किया गया। इस दौरान यात्रा की अगुवाई कर रहे सरदार बीएम सिंह ने कहा कि किसानों के साथ वादे कर भुला देने वाली सरकार की मनमानी नहीं होने दी जाएगी। कर्जमाफी से लेकर किसानों के हित में चलाई जा रहीं तमाम योजनाओं में सिर्फ किसानों के छलने का काम किया जा रहा है। कहा कि किसानों का पूरा कर्ज माफ होना चाहिए। और डा. स्वामीनाथन की रिपोर्ट के अनुसार किसानों को लागत में डेढ़ गुना बढ़ाकर फसलों का मूल्य तय होना चाहिए। इसी को लेकर बीस नबंवर को दिल्ली में देश के 182 किसान संगठन एकत्र होंगे और विशाल धरना प्रदर्शन किया जाएगा। इस मौके पर महाराष्ट्र के कोलापुर से सांसद राजू शेट्टी, स्वराज अभियान से योगेंद्र यादव, प्रेम सिंह गहलौत, चंद्र शेखर, पश्चिमी उप्र अध्यक्ष उपेंद्र सिंह, धर्मपाल सिंह, जिलाध्यक्ष जोराबर सिंह, जगजीत सिंह, मदन सिंह आदि मौजूद रहे।