हसनपुर (अमरोहा)। माता पिता द्वारा रिश्तेदार की शादी में नहीं ले जाए जाने से नाराज 11 वर्षीय बच्ची ने आत्मघाती कदम उठा लिया। उसने फंदे से लटक कर जान दे दी। परिजनों ने बिना किसी कानूनी कार्रवाई के शव का अंतिम संस्कार कर दिया। मामला कोतवाली क्षेत्र के गांव में बाईखेड़ा का है। सोमवार दोपहर को गांव निवासी एक किसान अपनी पत्नी के साथ पास के गांव में रिश्तेदारी में शादी समारोह में गया था। बताते हैं कि 11 वर्षीय बेटी भी उसके साथ जाने की जिद कर रही थी, लेकिन किसान बेटी को अपने साथ नहीं ले गया। बेटी को कहा कि तू घर पर ही रहेगी। इसके बाद किसान शादी समारोह में चला गया। साथ में न ले जाने से नाराज बालिका ने घर में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। शादी समारोह से लौटने के बाद माता पिता ने जब उसे फंदे से लटका देखा तो होश उड़ गए। परिजनों ने बिना किसी कानूनी कार्रवाई के शव का अंतिम संस्कार कर दिया। बालिका गांव के ही विद्यालय में कक्षा पांच की छात्रा थी। वह चार बहन भाइयों में सबसे बड़ी थी। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक सुशील कुमार वर्मा ने बताया कि इस तरह का कोई मामला जानकारी में नहीं है।