मंडी धनौरा (अमरोहा)। राजस्थान सरकार द्वारा राइट टू हेल्थ कानून के विरोध में इंडियन मेडिकल एसोसिएशन के निर्देश पर सोमवार को चिकित्सकों ने अपनी बांहों पर काली पट्टी बांधकर विरोध जताया। इंडियन मेडिकल एसोसिएशन से जुड़े चिकित्सकों ने राजस्थान सरकार के इस फैसले का विरोध किया है। नगर में इंडियन मेडिकल एसोसिएशन से संबद्ध चिकित्सक डॉ. नरेश दत्त, डाॅ. सिद्घराज सिंह, डाॅ. शराफत अली, डाॅ. हितेश गर्ग, डाॅ. आदित्य कुमार, डाॅ. अवनीश गिल आदि ने अपनी बांहों पर काली पट्टी बांधकर कार्य किया। अध्यक्ष डाॅ. नरेश दत्त ने कहा कि राजस्थान सरकार का यह फैसला पूरी तरह अव्यवहारिक है। बगैर भुगतान किए रोगियों का उपचार कैसे किया जा सकता है। गरीब वर्ग के रोगियों का उपचार निशुल्क किया जाता है। उन्होंने राजस्थान में इस कानून का विरोध कर रहे चिकित्सकों के साथ अपना समर्थन व्यक्त किया है।