अमरोहा। एक्सपायर्ड दवाओं के मामले में औषधि निरीक्षक रूचि बंसल ने दवाओं के नमूनों को जांच के लिए लखनऊ प्रयोगशाला भिजवाया है। औषधि निरीक्षक का कहना है कि घर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी गायब मिली है। जांच के लिए घर पहुंची टीम करीब डेढ़ घंटा इंतजार के बाद घर में दाखिल हो सकी थी।
औषधि निरीक्षक ने बताया कि आरोपी वंदना गोयल के पास से भारी तादाद में एक्सपायर्ड दवाओं का जखीरा बरामद हुआ था। तीन दिन पहले औषधि निरीक्षक ने मैसर्स गर्ग फार्मास्यूटिकल्स का निरीक्षण किया था। जिसमें एक्सपायरी डेट की दवाओं के बारे में वंदना गोयल से पूछताछ की थी। इसमें उन्होंने सभी दवा डिस्पोजल की बताई थी। बरामद एक्सपायर्ड दवाओं में कई वर्ष पुरानी एक्सपायर्ड दिनांक की दवाएं बरामद हुई थी। गांधी मूर्ति स्थित कृष्णा मेडिकोज पर छापेमारी के बाद औषधि विभाग की टीम ने पक्का बाग स्थित आवास पर भी छापामारी की थी।
जिसमें महिला ने टीम को घर के अंदर दाखिल नहीं होने दिया। एडीएम सुरेंद्र सिंह के हस्तक्षेप के बाद मिले सुरक्षा बल के बाद टीम घर में दाखिल हो सकी। वहां टीम को एक्सपायर्ड दवाओं की डेट को मिटाकर वैधता को बढ़ाया जा रहा था। औषधि निरीक्षक के अनुसार घर में लगे सीसीटीवी कैमरों की पिछले चार दिन की रिकॉर्डिंग गायब मिली है। जिससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि दवाओं को ठिकाने लगाने का खेल किया जा रहा था। औषधि निरीक्षक द्वारा मामले में मुकदमा दर्ज कराया गया है। जिसके बाद पुलिस ने वंदना गोयल को हिरासत में ले लिया गया। सोमवार को एकत्र किये गए 11 नमूनों को जांच के लिए लखनऊ प्रयोगशाला भेजा गया है।