जिले में जमीन खरीद कर सपनों का घर बनाना अब जेब ढीली करेगा। सर्किल रेट को बढ़ाने का प्रस्ताव तैयार हो चुका है। अकृषक, कृषक और वाणिज्यक जमीनों की दरें 15 से 20 फीसदी बढ़ाई जा रही हैं। सभी तहसीलों के उप निबंधकों ने बढ़ी दराें की प्रस्तावित सूची सहायक महा निबंधक स्टांप के कार्यालय में जमा की थी। इसके बाद सूची जारी करते हुए 28 अगस्त तक आपत्तियां मांगी गई थीं। 28 अगस्त को निर्धारित समय तक सर्किल रेट की प्रस्तावित दरों के संबंध में 11 आपत्तियां दर्ज की गई हैं। सहायक महानिरीक्षक स्टांप दीनानाथ वर्मा ने बताया कि आपत्तियाें का निस्तारण होने के बाद सूची जारी की जाएगी।
सितंबर में लागू होंगी बढ़ी दरें
सर्किल रेट की बढ़ी दरों को सितंबर माह में कभी भी लागू किया जा सकता है। आपत्तियों की सुनवाई होने के बाद उनका निस्तारण होगा। इसके बाद प्रस्तावित दरों के लागू होने पर अंतिम मुहर लग जाएगी। सहायक महानिरीक्षक निबंधन दीनानाथ वर्मा ने बताया कि सर्किल रेट में बढ़ोतरी की प्रक्रिया अब अंतिम चरण में हैं। उच्चाधिकारियों के निर्देश पर कभी भी प्रस्तावित दरों को लागू करने का एलान किया जा सकता है।
10 आपत्ति रेट कम करने, एक ने बढ़ोतरी का दिया सुझाव
सर्किल रेल की बढ़ोतरी के संबंध में 11 आपत्तियों दर्ज हुईं। जिसमें 10 आपत्ति करने वालों ने सर्किल रेट की प्रस्तावित दरों को बहुत ज्यादा बताते हुए कम करने के लिए कहा है, जबकि एक सुझाव सर्किल रेट बढ़ाने के लिए भी दिया गया है।