दिल्ली हाईवे पर रविवार देर रात चार अलग-अलग हादसों में 11 कांवड़िये घायल हो गए। घायलों को पुलिस ने सीएचसी में भर्ती कराया जहां से चार कांवड़ियों को हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।
मुरादाबाद के सिरकोई भूड़ निवासी अनमोल सैनी, राकेश सैनी रविवार रात करीब 10.35 बजे बाइक से ब्रजघाट से गंगा जल लेकर लौट रहे थे। वह गजरौला से करीब चार किलोमीटर ही आगे पहुंचे थे कि अज्ञात वाहन की साइड लगने से घायल हो गए। बाइक सवार रामपुर के टांडा निवासी प्रियांशु व कुंदरकी निवासी सुंदर की बेटी सोनी और दूसरी बाइक पर सवार कुंदरकी निवासी अनिल और अभिषेक ब्रजघाट से कांवड़ में गंगा जल लेकर लौट रहे थे। रात करीब 1.30 बजे कांकाठेर ढाल के पास उनकी बाइक आपस में भिड़ गई। हादसे में चार घायल हो गए।
तीसरा हादसा करीब ढाई बजे हुआ। कांकाठेर निवासी मुनेश, मुरादाबाद के खुशहालपुर निवासी शिवराम शर्मा और कटघर निवासी यश भी बाइक फिसलने से घायल हो गए। इनके साथ हादसा कांकाठेर के सामने हुआ। चौथा हादसा सोमवार तड़के करीब 3.15 बजे औद्योगिक चौकी क्षेत्र में हाईवे पर हुआ। डिडौली क्षेत्र के गांव बरखेड़ा राजपूत निवासी हिमांशु व बुलंदशहर निवासी सोमवीर बाइक फिसल जाने के कारण घायल हो गए।
घायलों को पुलिस ने सीएचसी में भर्ती कराया। यहां से प्राथमिक उपचार के बाद अनिल, अभिषेक, राकेश सैनी यश सैनी को रेफर कर दिया गया। सीओ अंजलि कटारिया ने बताया कि हाईवे पर हुए अलग-अगल हादसों में 11 कांवड़िये घायल हो गए। चार को प्राथमिक उपचार के बाद रेफर किया गया है।