डिडौली। साइबर अपराधी तरह-तरह के हथकंडे अपना कर लोगों को ठगी का शिकार बना रहे हैं। अब साइबर ठग ने व्हाट्सएप प्रोफाइल पर पुलिसकर्मी का फोटो लगाकर फैक्टरी में काम करने वाले मजदूर से दस हजार रुपये ठग लिए। पीड़ित ने डिडौली कोतवाली में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
पूरनपुर गांव निवासी यशपाल सैनी हाईवे स्थित एक कंपनी में काम करते हैं। आरोप है कि सोमवार दोपहर करीब दो यशपाल कंपनी में काम कर रहे थे। तभी उनके मोबाइल पर एक व्हाट्सएप कॉल आई। फोन करने वाले व्यक्ति ने व्हाट्सएप प्रोफाइल पर पुलिस की वर्दी में फोटो लगा रखी थी। यशपाल ने कॉल रिसीव की तुरंत साइबर ठग ने हड़काना शुरू कर दिया।
मोबाइल पर अश्लील फिल्म देखने का आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज होने का हवाला दिया। मुकदमे से बचने के लिए 25 हजार रुपये की मांग की। साइबर ठग ने यशपाल के व्हाट्सएप पर एक बैंक खाता नंबर भेज दिया। यशपाल ने मुकदमे से बचने के लिए दो बार में दस हजार रुपये साइबर ठग के खाते में ट्रांसफर कर दिए। इसके बाद साइबर ठग ने मंगलवार की दोपहर तक 15 हजार रुपये और भेजने के लिए कहा। कुछ देर बाद यशपाल सिंह को धोखाधड़ी का अहसास हुआ तो उन्होंने डिडौली कोतवाली में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
-
मामले की जांच की जा रही है। जल्दी आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। इस तरह के आने वाले फोन कॉल से लोगों को जागरूक रहने की जरूरत है। पुलिस इस तरह से फोन करके किसी को डराने धमकाने या रुपये नहीं मानती है। अगर कोई पुलिसकर्मी पैसे मांगता है तो उसकी शिकायत उच्चाधिकारियों से करें। रुपये देने की जरूरत नहीं हैं। - शक्ति सिंह, सीओ