गौरीगंज प्राथमिक विद्यालय द्वितीय में मौजूद संबंधित बूथों के बीएलओ। संवाद
अमेठी सिटी। पहली बार मतदान का अधिकार पाने की तैयारी कर रहे युवाओं में मतदाता बनने को लेकर उत्साह दिखा। शनिवार को विधानसभा मतदाता पुनरीक्षण अभियान के तहत जिले के 1632 मतदान केंद्रों पर विशेष शिविर लगाए गए। 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके युवाओं ने मतदाता सूची में नाम शामिल कराने के लिए फाॅर्म छह भरे। इसके साथ ही नाम हटाने और विवरण में संशोधन कराने के लिए भी लोग बूथों पर पहुंचे।
दोपहर 12 बजे गौरीगंज के मॉडल प्राथमिक विद्यालय में बीएलओ किरन शुक्ला और बदरून निशा आवेदन ले रही थीं। दोनों बूथों पर 20 युवाओं ने मतदाता सूची में नाम शामिल कराने के लिए फाॅर्म छह जमा किए। इसके अलावा नाम हटाने के लिए फाॅर्म सात के चार और मतदाता विवरण में संशोधन के लिए फाॅर्म आठ के पांच आवेदन मिले।
यहां मौजूद सलमान ने बताया कि उनके परिवार में 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके युवाओं के फाॅर्म छह भरकर जमा कराए गए हैं। गौरीगंज प्राथमिक विद्यालय द्वितीय के सभी बूथों पर भी विशेष शिविर लगाया गया। यहां बीएलओ कामता प्रसाद, रामावती, आशा सरोज, कमलेश, ऊषा पांडेय और निर्मला ने लोगों के आवेदन लिए। इन छह बूथों पर 44 युवाओं ने मतदाता बनने के लिए फाॅर्म छह जमा किए।
इस तरह गौरीगंज के इन आठ बूथों पर नए मतदाताओं के नाम दर्ज कराने के लिए कुल 64 आवेदन मिले। डीएम शशांक चौधरी ने अमेठी स्थित पूर्व माध्यमिक विद्यालय देवीपाटन मतदान केंद्र का निरीक्षण किया।