फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Amethi News: दोस्तों संग मछली पकड़ने गया युवक गोमती में डूबा, मौत

Sat, 25 Jul 2026 12:14 AM IST
लखनऊ ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, अमेठी
विज्ञापन
जगदीशपुर के निहालगढ़ में गमगीन मृतक मोहम्मद वसी के परिजन। संवाद
विज्ञापन
जगदीशपुर। निहालगढ़ निवासी मोहम्मद वसी (20) की अयोध्या के कुमारगंज स्थित देवगांव के पास गोमती नदी में डूबने से मौत हो गई। वह बृहस्पतिवार दोपहर अपने दो दोस्तों के साथ मछली पकड़ने गया था। शुक्रवार सुबह गोताखोरों ने शव बरामद किया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
विज्ञापन



बड़े भाई रियाज अहमद ने बताया कि मोहम्मद वसी अपने साथी रिजवान (23) और आकिब (24) के साथ बाइक से सत्थिन पुल के रास्ते गोमती नदी के पार पहुंचा था। मछली पकड़ने के दौरान वह नहाने के लिए नदी में उतरा और गहरे पानी में समा गया। परिजनों का आरोप है कि घटना के बाद उसके दोनों साथी मौके से चले गए और परिवार को भी सूचना नहीं दी।


प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक आसपास मौजूद लोगों ने बचाने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। मौके पर मिले मोबाइल फोन के आधार पर पुलिस ने परिजनों को सूचना दी। बृहस्पतिवार को शुरू हुई तलाश शुक्रवार सुबह गोताखोरों द्वारा शव बरामद होने के बाद समाप्त हुई। देवगांव पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
विज्ञापन



परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
मोहम्मद वसी की मौत की सूचना मिलते ही घर में मातम छा गया। मां हदीशुल निशा बेटे को याद कर बिलखती रहीं तो पिता इलियास अहमद गुमसुम बैठे रहे। बड़े भाई रियाज अहमद और रजी हुसैन छोटे भाई के साथ बिताए पल याद कर फफक पड़े। छोटे भाई मोहम्मद आजाद और मोहम्मद सरताज भी भाई को खोने के गम में बेसुध नजर आए। बहन शमा बानो का रो-रोकर बुरा हाल था, जबकि विवाहित बहनें रुकसाना बानो और फरीन बानो भी सूचना मिलते ही मायके पहुंच गईं।



डूबने के बाद दोस्तों ने परिजनों को नहीं दी सूचना
मोहम्मद वसी के परिजनों का कहना है कि यदि उसके साथ गए दोस्त समय रहते घटना की जानकारी देते तो बचाव अभियान पहले शुरू कराया जा सकता था। उनका आरोप है कि दोनों युवक बिना किसी को बताए वहां से चले गए। परिजनों ने पूरे घटनाक्रम की निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदारी तय करने की मांग की है।


आज जाना था दिल्ली, उसी दिन हो गई मौत
मोहम्मद वसी दिल्ली में होटल पर काम करता था। वह मुहर्रम पर घर आया था और शुक्रवार को दिल्ली लौटने वाला था। उसके पर्स से उसी दिन का ट्रेन टिकट भी मिला। परिवार के अनुसार सुबह उसे दिल्ली के लिए रवाना होना था, लेकिन उससे पहले ही गोमती नदी में डूबने से उसकी मौत हो गई। जिस दिन उसे रोजी-रोटी के लिए लौटना था, उसी दिन उसका शव घर पहुंचा।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें