बाजारशुकुल (अमेठी)। थाना क्षेत्र के पूरे शुक्लन गांव में बृहस्पतिवार को सुबह घर के बाहर सफाई कर रहा ग्रामीण स्टे रॉड में उतरे करंट की चपेट में आ गया। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना को लेकर ग्रामीणों में पावर कॉर्पोरेशन के प्रति आक्रोश है।
पूरे शुक्लन गांव निवासी प्रकाश शुक्ल (45) के घर के पास बिजली का खंभा लगा है। इस खंभे से वहां लगे ट्रांसफार्मर को बिजली आपूर्ति होती है। सुबह प्रकाश शुक्ल घर के पास सफाई कर रहे थे। तभी वे खंभे के स्टे रॉड में उतर रहे करंट की चपेट में आ गए। इससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण एकत्र हो गए। ग्रामीणों ने पावर कॉर्पोरेशन के प्रति रोष जताया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
प्रकाश शुक्ल करीब 15 वर्षों से पिता वीरेंद्र से अलग रहकर अपने परिवार का पालन-पोषण करते थे। उनके परिवार में पत्नी नीरज, दो बेटियां निष्ठा (20), आयुषी (17) व बेटा शिवांश (15) हैं। निजी स्कूलों में ड्राइवर की नौकरी कर उन्होंने बड़ी बेटी निष्ठा को सिविल इंजीनियरिंग में डिप्लोमा कराया है। वे निष्ठा की शादी की तैयारी में लगे थे। उनकी मौत से पत्नी व बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है। अवर अभियंता अश्विनी कुमार यादव ने बताया कि फुंदनपुर में करंट से मवेशी की मौत की घटना की जांच की गई थी। विद्युत लाइन के ऊपर पेड़ की डाल पहुंचने से अर्थ उतर गया था। इसकी रिपोर्ट अधिकारियों को भेजी गई है। पूरे शुक्लन गांव की घटना की जांच की जाएगी।