अमेठी। अमेठी-दुर्गापुर मार्ग पर तिवारीपुर गांव के पास रविवार को पिकअप की चपेट में आने से बाइक सवार पीपरपुर रामगंज निवासी सुनील (36) की मौत हो गई। हादसे में पिकअप चालक बागवरिया गांव निवासी रामराज (38) गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
सुनील रविवार को बाइक से अमेठी से अपने घर जा रहे थे। तिवारीपुर गांव के पास पहुंचते ही सामने से आ रही पिकअप की चपेट में उनकी बाइक आ गई। हादसे के बाद पिकअप अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई। हादसे में सुनील और रामराज घायल हो गए। उस समय अमेठी पुलिस की टीम क्षेत्र में गश्त कर रही थी। सड़क किनारे दोनों घायलों को देखकर पुलिसकर्मियों ने तत्काल उन्हें सीएचसी अमेठी पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने सुनील को मृत घोषित कर दिया। रामराज की हालत गंभीर होने पर प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
सूचना पर सुनील के परिजन अस्पताल पहुंच गए। रामराज के परिवार के लोग भी अस्पताल पहुंचे। प्रभारी निरीक्षक अमेठी शिवाकांत त्रिपाठी ने बताया कि परिजनों को हादसे की जानकारी दी गई है। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी। पिकअप और बाइक को कब्जे में लिया गया है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सुनील ने हेलमेट पहन रखा था। हादसे में उसके शरीर के अंदरूनी हिस्से में गंभीर चोटें आई थीं। चिकित्सकों के प्रयास के बावजूद उसकी जान नहीं बचाई जा सकी।