अमेठी सिटी। गौरीगंज इलाके में शनिवार देर रात एक युवक की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। उसकी मां ने हत्या की आशंका जताई है। मृतक की पत्नी की तहरीर पर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
गौरीगंज कोतवाली क्षेत्र के पूरे सीतलन मजरे गुवावां गांव निवासी बद्रीप्रसाद लोध (32) शनिवार को शाम भोजन करने के बाद खेतों की तरफ बने दूसरे मकान पर चला गया था। रात करीब दो बजे वह घर लौटा तो उसके गले में अचानक दर्द शुरू हो गया। जानकारी के बाद पत्नी रजनीशा ने गांव की ही एक दुकान से दवा मंगवाकर उसे खिलाई। दवा खाने के करीब दो घंटे बाद संदिग्ध हालात में उसकी मौत हो गई। इससे परिवार में कोहराम मच गया। मृतक के हाथ और गले पर हल्के चोट के निशान भी देखे गए हैं।
बद्रीप्रसाद की मां धनाऊ ने बेटे की हत्या की आशंका जताई है। चर्चा है कि मृतक की मां ने थाने में शिकायती पत्र दिया है, लेकिन पुलिस इसकी पुष्टि नहीं कर रही है। मृतक की पत्नी रजनीशा ने पुलिस को प्रार्थना पत्र देकर मौत की वजह जानने के लिए पोस्टमार्टम कराने की मांग की। एसएचओ श्याम नारायण पांडेय ने बताया कि पूरे मामले की जांच की जा रही है। पत्नी ने शिकायती पत्र देकर पोस्टमार्टम कराने की मांग की है। मां ने मौके पर कोई तहरीर नहीं दी। वह हत्या की आशंका जता रही है। फिलहाल पोस्टमार्टम रिपोर्ट से ही मौत के कारणों का पता चलेगा, जिसके बाद वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
बुजुर्ग मां का रो-रोकर हाल बेहाल
बद्रीप्रसाद की मौत के बाद बुजुर्ग मां धनाऊ का रो-रोकर बुरा हाल है। वह सिर्फ एक ही बात बोलती कि कोई बेटे को उठाओ। बेटा अभी सो रहा है। पत्नी बेसुध होकर रोते हुए कहती है कि अब कौन उसका सहारा बनेगा। कौन बच्चों को पढ़ाएगा। बेटी शिल्पी व बेटा राजा मां को रोते हुए कभी उसके आंसू पोछते, तो कभी कहते मां पापा को क्या हुआ है। मौके पर मौजूद ग्रामीण व रिश्तेदार इन अनहोनी से गमगीन हैं।