फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Amethi News: कमरे में फंदे से लटका मिला युवक, मौत

Fri, 13 Nov 2026 12:45 AM IST
लखनऊ ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, अमेठी
विज्ञापन
 संग्रामपुर के खेदा पुन्नपुर गांव में गमगीन मृतक के परिजन। स्रोत: ग्रामीण
विज्ञापन
संग्रामपुर। खेदा पुन्नपुर गांव में बृहस्पतिवार सुबह मनोज पांडेय (30) का शव घर के कमरे में छत के पंखे के हुक से फंदे से लटका मिला। परिजनों ने उसे नीचे उतारा, तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। युवक की मौत से परिवार में मातम पसरा है। पुलिस ने घटनास्थल की जांच कर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
विज्ञापन


मां सुशीला देवी के मुताबिक मनोज आठ नवंबर को मुंबई से गांव में आयोजित रामकथा में शामिल होने आया था। बुधवार रात खाना खाने के बाद वह गांव में घूमने गया था। लौटने के बाद अपने कमरे में सोने चला गया। रात में उसने पत्नी और बेटी से फोन पर बातचीत भी की थी। बृहस्पतिवार सुबह काफी देर तक कमरे से बाहर नहीं निकलने पर परिजनों ने आवाज लगाई। कोई जवाब नहीं मिलने पर कमरे में जाकर देखा तो उसका शव फंदे से लटका मिला। मां की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग जुट गए।

घटना की जानकारी पर इंस्पेक्टर संजय सिंह पुलिस बल के साथ गांव पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। गांव में घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चा है। कुछ ग्रामीण पारिवारिक विवाद को वजह बता रहे हैं, हालांकि इसकी पुष्टि नहीं हुई है। सीओ श्वेताभ भास्कर ने बताया कि परिजनों ने कोई आरोप नहीं लगाया है। प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत की वजह स्पष्ट होगी। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
विज्ञापन


मनोज की मौत से मां सुशीला देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। पत्नी वंदना और बेटियां परी व वान्या मुंबई से गांव के लिए रवाना हो गई हैं। बड़े भाई मुन्नू, धुन्नू, बालकेशव, पप्पू पांडेय और बबलू पांडेय समेत अन्य परिजन गमगीन हैं।


भतीजे की मौत से कलश यात्रा स्थगित
मनोज के चाचा पारसनाथ पांडेय के यहां श्रीमद्भागवत कथा का आयोजन होना था। बृहस्पतिवार को कथा से पहले कलश यात्रा निकलनी थी। भतीजे की मौत की खबर मिलते ही परिवार ने कार्यक्रम स्थगित कर दिया। कथा के लिए सजाए गए पंडाल और मंडप को मजदूर खोलते नजर आए।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें