दूसरी बाइक सवार युवक वाहन छोड़ भाग निकले
पीपरपुर थानाक्षेत्र के खाझा गांव के पास हुआ हादसा
क्षतिग्रस्त बाइक कब्जे में लेकर जांच में जुटी पुलिस
संवाद न्यूज एजेंसीभादर (अमेठी)। पीपरपुर थाना क्षेत्र के खाझा गांव के पास रविवार रात दो बाइकों में सामने से टक्कर हो गई। दुर्घटना में एक बाइक सवार पति-पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गए। जबकि दूसरी बाइक सवार घायल होने के बाद भी मौके से भाग निकले। घायल दंपती को लोगों ने अस्पताल पहुंचाया, जहां पति की मौत हो गई और उसकी पत्नी का इलाज चल रहा है। पुलिस ने बाइक को कब्जे में लेकर कार्रवाई शुरू कर दी है।
पीपरपुर थाना क्षेत्र के इस्माइलपुर छोटा गांव निवासी सियाराम कोरी (40) अपनी पत्नी उर्मिला कोरी (36) के साथ रविवार रात बाइक से बाजार करने के बाद घर लौट रहे थे। भाईं-भादर मार्ग पर स्थित खाझा गांव के पास जैसे ही पहुंचे, वैसे ही सामने से तेज रफ्तार आई बाइक ने उनकी मोटरसाइकिल में जोरदार टक्कर मार दी। दुर्घटना में सियाराम व उनकी पत्नी गंभीर रूप से जख्मी हो गए, जबकि दूसरी बाइक सवार दो युवक गिरने के बाद भी बाइक छोड़ कर भाग निकले। शोर-सुनकर पहुंचे लोगों ने घायल दंपती को सीएचसी पहुंचाया। सीएचसी में प्राथमिक उपचार के बाद दोनों की हालात नाजुक देख डॉक्टरों ने जिला अस्पताल सुल्तानपुर रेफर कर दिया। जिला अस्पताल सुल्तानपुर से भी सियाराम को ट्राॅमा सेंटर रेफर कर दिया। जबकि उर्मिला को भर्ती कर उपचार शुरू किया।
परिजन सियाराम को लेकर लखनऊ जा रहे थे, कि रास्ते में मौत हो गई। सियाराम के मौत की सूचना पर परिवार में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंचे पुलिस कर्मियों ने क्षतिग्रस्त बाइक को कब्जे में लेकर सवारों की तलाश शुरू कर दी है। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि दुर्घटना के समय बाइक सवार ने हेलमेट लगाया था। शायद सीने पर गंभीर चोट लगने की वजह से मौत हुई है। प्रभारी सब इंस्पेक्टर सैयद हसन हैदर रिजवी ने बताया की घटना से जुड़ी अभी कोई तहरीर नहीं मिली है। दोनों बाइक पुलिस के कब्जे में हैं। युवकों की तलाश की जा रही है।