जायस (अमेठी)। जायस स्टेशन के पास शुक्रवार की सुबह ट्रेन की चपेट में आने से युवक मौत हो गई। जीआरपी ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम कराया। परिजनों ने कोई तहरीर नहीं दी। पुलिस भी आत्महत्या मान मामले की जांच में जुटी है। उधर, सोशल मीडिया पर एक सुसाइड नोट घूम रहा है। जिसे इस घटना से जोड़कर बताया जा रहा है। जीआरपी इसको लेकर कुछ भी नहीं बोल रही है।
लखनऊ-वाराणसी रेल ट्रैक पर किसी ट्रेन की चपेट में आने से युवक की मौत हो गई। शुक्रवार सुबह ट्रैक पर शव होने की सूचना सार्वजनिक हुई तो लोगों की भीड़ एकत्र हो गई। शव का शिनाख्यत आलमपुर मजरे मवई गांव निवासी मुकेश कुमार (20 ) के रूप में हुई।
परिजनों ने बताया कि बृहस्पतिवार को रात में घर के बगल आयोजित कार्यक्रम में डांस करने के बाद वह घर भी लौट था। रात में कब और कैसे ट्रैक पर पहुंच गया इसकी जानकारी उन्हें नहीं है।परिजनों की ओर से देर शाम शव का अंतिम संस्कार भी कर दिया गया। परिजन गमगीन है तो पुलिस आत्महत्या मानकर मामले की जांच में जुटी है। आरपीएफ एसआई अशोक यादव ने बताया कि मामला संज्ञान में आया है। जीआरपी का कार्य क्षेत्र होने से जांच वहीं से हो रही है। इधर, रेल ट्रैक पर मुकेश के शव के साथ पुलिस को सुसाइड नोट मिलने की बात कही जा रही है। पुलिस इन्कार कर रही है। रायबरेली के जीआरपी कोतवाल गोपाल कुशवाहा का कहना है कि इस बारे में जानकारी नहीं है।