बाजार शुकुल (अमेठी)। क्षेत्र में पुआल से भूसा बनाते समय मशीन की चपेट में आने से एक युवक की मौत हो गई। यह हादसा क्षेत्र के पूरे दयाल मजरे किशनी निवासी गुलजार (32) के साथ हुआ।
वह अपने ट्रैक्टर में मशीन बांध कर किराए पर पुआल से भूसा बनाने का काम करता था। सोमवार को गुलजार पारा गांव में भगत चौहान के पुआल को काटने गया था। पुआल से भूसा बनाने के दौरान अचानक गुलजार मशीन की चपेट में आ गया।
मौके पर मौजूद लोग जब तक ट्रैक्टर बंद कर उसे मशीन से बाहर निकालते तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। गुलजार की मौत की सूचना पर परिवार में कोहराम मच गया। परिवारीजन पहले तो शव का पोस्टमॉर्टम कराने के लिए तैयार नहीं हुए।
पुलिस के समझाने के बाद परिवारीजनों ने सहमति दी। एसओ रवींद्र सिंह ने बताया कि एहतियातन शव का पोस्टमॉर्टम कराया गया है। गुलजार के परिवार में पत्नी शहनाज बानो, पुत्री रायमा बानो (7) व अल्फैस (4) तथा पुत्र वैश (5) है।