अमेठी सिटी। चर्चित अमेठी लोकसभा सीट पर हुए चुनाव में युवा जोश ने भी खूब गर्मजोशी दिखाई। युवाओं ने चुनाव में हिस्सा लेकर लोकतंत्र की नई इबारत लिखी है। जिले के करीब दो लाख से अधिक युवा मतदाता हैं। इनमें से करीब 18 हजार युवाओं ने 2024 के लोकसभा चुनाव में पहली दफा मतदान किया। युवाओं के बढ़चढ़ कर हिस्सा लेने से चुनाव में जहां मत फीसदी में बढ़ोत्तरी हुई, वहीं अमेठी में लोकतंत्र की डोर और भी मजबूत हुई है। युवा वोटर शैलेंद्र कुमार बताते हैं कि मतदान में युवाओं को सबसे आगे रहना चाहिए, क्यों कि हमे अपना रहनुमा चुनने का मौका मिलता है। यदि हमारा रहनुमा अच्छा नहीं होगा तो देश और हमारे बेहरत भविष्य के बारे में कौन सोचेगा। मो. यासिर कहते हैं कि जिले में युवाओं की अच्छी खासी तादात है। वोटरों की संख्या में भी दो लाख के करीब है। जागरूकता और जरूरत ने युवाओं की सोंच बदली है। युवाओं ने इस बार के लोकसभा चुनाव में बढ़चढ़ कर हिस्सा लिया है। शायद यही वजह है कि मत प्रतिशत में भी बढ़ोत्तरी देखी गई है। ऋतिक कुमार का कहना है कि युवा शक्ति जो चाहे वह कर सकती है। इसी सोंच के साथ चुनाव में हिस्सा लिया। मतदान कर अपने मन मुताबिक प्रत्याशी को वोट दिया। आने वाले हर चुनाव में मतदान करेंगे और लोगों को भी प्रेरित करेंगे।