अमेठी सिटी। जिले में दलितों की संख्या करीब साढ़े चार लाख है, लेकिन बसपा प्रत्याशी नन्हें सिंह चौहान अपनी जमानत राशि भी नहीं बचा सके। हालत यह रही कि जिले में कुल 980883 वोट पड़े और उन्हें मात्र 34534 मतों से संतोष करना पड़ा।
जिले में दलितों की बहुसंख्यक आबादी तिलोई, जगदीशपुर के साथ ही अमेठी लोकसभा क्षेत्र के सलौन विधानसभा में भी है। इसके बाद भी बसपा प्रत्याशी नन्हें सिंह चौहान मतदाताओं का विश्वास नहीं जीत सके। स्थिति यह रही कि चुनाव में हारने वाली भाजपा को मिले कुल वोट 372032 के सापेक्ष बसपा उम्मीदवार को सिर्फ 10 प्रतिशत मतों से संतोष करना पड़ा। दलित बहुसंख्यक विधानसभा क्षेत्रों के अनुसार बात की जाए तो तिलोई में बसपा प्रत्याशी को 5077 वोट, जगदीशपुर में 8551 वोट व सलोन में 4489 वोट मिले। वहीं पोस्टल मतों की गिनती में उनके खाते में 116 वोट आए।
जबकि अमेठी विधानसभा क्षेत्र में उन्हें सर्वाधिक 10 हजार वोट मिले। गौरीगंज जिला मुख्यालय में उन्हें 6301 मत प्राप्त हुए। स्थिति यह रही कि वह मतदाताओं के दिल में जगह नहीं बना सके। जिले में जातीय समीकरण की बात करें तो दलितों की संख्या 4.52 लाख, मुस्लिम 3.56 लाख, यादव 1.48 लाख, ओबीसी 3.15 लाख, ब्राह्मण 3.22 लाख, ठाकुर 2.02 लाख हैं। व्यवसाई महेंद्र राव ने बताया कि बसपा समर्थकों ने बीजेपी को हराने के लिए कांग्रेस-सपा एलायंस को वोट दिया।