अमेठी सिटी। परिषदीय विद्यालयों में पढ़ने वाले बच्चों को पढ़ाई की उलझन, मानसिक समस्या और कॅरिअर संबंधी सलाह अब फोन पर मिल सकेगी। बेसिक शिक्षा विभाग ने इस उद्देश्य से टोल फ्री नंबर 18001805311 जारी किया है। बच्चे इस नंबर पर कॉल कर अपनी समस्या बता सकेंगे। काउंसलर स्थिति समझकर समाधान बताएंगे।
जिले में 1570 परिषदीय विद्यालय संचालित हैं, जिनमें लगभग 1,37,015 बच्चे नामांकित हैं। कई बच्चे पढ़ाई के तनाव, आत्मविश्वास की कमी, घरेलू माहौल या कॅरिअर की उलझन से परेशान रहते हैं। यह सेवा उन्हें अपनी बात सुरक्षित तरीके से बताने का अवसर देगी।
काउंसलर बच्चों की बात सुनकर सुझाव देंगे, ताकि बच्चे सही दिशा में आगे बढ़ सकें।
विभाग ने सभी खंड शिक्षा अधिकारियों को टोल फ्री नंबर के प्रचार-प्रसार के निर्देश दिए हैं। यह नंबर सभी परिषदीय विद्यालयों, बीआरसी कार्यालयों, स्कूलों की दीवारों और प्रमुख स्थानों पर लिखवाया जाएगा। शिक्षक-अभिभावक सभा और सामुदायिक बैठकों में भी इसकी जानकारी दी जाएगी।
बीएसए संजय कुमार तिवारी ने कहा कि यह कदम बच्चों के मानसिक स्वास्थ्य और कॅरिअर मार्गदर्शन में सहायक होगा। जूनियर वर्ग के विद्यार्थियों को इसका लाभ अधिक मिलेगा। विभाग सेवा का प्रचार कर हर बच्चे तक जानकारी पहुंचाएगा।