गौरीगंज रेलवे स्टेशन स्थित बुकिंग काउंटर पर टिकट खरीदते यात्री। -संवाद
अमेठी सिटी। माता वैष्णो देवी के दर्शन के लिए जाने की तैयारी कर रहे श्रद्धालुओं को कन्फर्म टिकट न मिलने से परेशानी बढ़ गई है। अमेठी और निहालगढ़ रेलवे स्टेशन से जम्मू की ओर चलने वाली ट्रेनों में सीटें लगातार फुल होने से यात्रियों की योजना प्रभावित हो रही है। स्थिति यह है कि कई लोग रातभर लाइन में लगने के बाद भी तत्काल कोटे से कन्फर्म टिकट नहीं पा सके।
अमेठी स्टेशन से चलने वाली राजेंद्रनगर-जम्मूतवी अर्चना एक्सप्रेस और निहालगढ़ स्टेशन से गुजरने वाली गाजीपुर-कटरा एक्सप्रेस, हिमगिरि एक्सप्रेस व बेगमपुरा एक्सप्रेस में 30 दिसंबर तक की सभी सीटें बुक हो चुकी हैं। आरक्षित श्रेणी में वेटिंग संख्या 80 के पार पहुंचने से यात्रियों की उम्मीदें कमजोर हो रही हैं। गौरीगंज के सुजानपुर निवासी करुणाशंकर ने बताया कि बीते वर्ष भी टिकट न मिलने से यात्रा रोकनी पड़ी थी।
इस बार समय से तैयारी की, मगर तत्काल कोटे में भी कन्फर्म टिकट नहीं मिल पाया। धर्मेंद्र सरोज और नितिन कुमार समेत कई लोगों को भी यही समस्या हो रही है। गौरीगंज स्टेशन अधीक्षक प्रवीण सिंह ने बताया कि आरक्षण प्रक्रिया सामान्य रूप से चल रही है। मांग बढ़ने से वेटिंग संख्या ज्यादा हो गई है। जम्मू की ओर जाने वाली ट्रेनों में सीटों का दबाव बढ़ जाता है।