गौरीगंज रेलवे स्टेशन पर ट्रेन का इंतजार करते यात्री। -संवाद
टिकरिया। सर्द मौसम में कोहरे का असर रेल संचालन पर दिखने लगा है। सोमवार को वाराणसी-देहरादून तथा देहरादून-वाराणसी जनता एक्सप्रेस निरस्त रही। अप व डाउन दोनों फेरे निरस्त होने से वाराणसी, लखनऊ, मुरादाबाद, हरिद्वार और देहरादून जाने वाले यात्री परेशान रहे। कुछ ट्रेनें देरी से पहुंचीं, जिससे यात्रियों को इंतजार करना पड़ा।
हरिद्वार भ्रमण की योजना बनाने वाले संजीव, अशोक यादव और राजेश सोमवार को गौरीगंज पहुंचे तो जनता एक्सप्रेस निरस्त होने की सूचना मिली। टिकट निरस्त कराने के बाद उन्हें यात्रा टालनी पड़ी। नई दिल्ली-मालदा टाउन एक्सप्रेस तथा बरौनी से अंबाला जाने वाली हरिहर एक्सप्रेस भी सोमवार को नहीं चली। गौरीगंज स्टेशन पर प्रयागराज से ऋषिकेश जाने वाली योगनगरी एक्सप्रेस अपने तय समय 01:53 बजे से लगभग तीन घंटे बाद 04:54 बजे पहुंची।
नीलांचल एक्सप्रेस, अप व डाउन पंजाब मेल और काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस भी लगभग डेढ़ से दो घंटे की देरी से चलीं। प्लेटफॉर्म पर इंतजार कर रहे यात्री समय-सारिणी बिगड़ने से परेशान दिखे। स्टेशन अधीक्षक प्रवीण सिंह ने बताया कि जनता एक्सप्रेस पूर्व में जारी आदेश के अनुसार सोमवार को संचालित नहीं हुई। कोहरा बढ़ने से अन्य ट्रेनों की रफ्तार पर भी असर पड़ा है।