गौरीगंज (अमेठी)। थाना क्षेत्र के गुडुर गांव में बुधवार की देर शाम छज्जा गिरने से एक मजदूर की मौत हो गई, दूसरा मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।स्थानीय थाने के गुडुर गांव में बुधवार की देर शाम मकान निर्माण में गांव ही मुकेश कुमार व दिलीप मजदूरी करने के गए थे। मकान में छत डालने के लिए शटरिंग का काम चल रहा था। इस दौरान छज्जे के नीचे से श्रमिक सामग्री ऊपर पहुंचा रहा थे। इस बीच अचानक छज्जा गिर पड़ा। छज्जे के मलबे मेंं दोनों श्रमिक दब गए। चीख-पुकार पर एकत्र ग्रामीणों ने मलबे से बाहर निकाल दोनों को जिला अस्पताल पहुंचाया। जहां उपचार के दौरान मुकेश (20) की मौत हो गई। दिलीप की हालात नाजुक देख डॉक्टरों ने ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया। मुकेश की मौत से परिजन गमगीन है।
अस्पताल के मेमो की सूचना पर पहुंची पुलिस शव को कब्जे में लेकर वैधानिक कार्रवाई में जुटी है। एसएचओ अखंड देव मिश्र ने बताया कि अभी कोई तहरीर नहीं मिली है। यदि कोई तहरीर मिलती है तो केस दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।(संवाद)