अमेठी में रेलवे ट्रैक के पोल पर चढ़ते समय श्रमिक हाई टेंशन लाइन की चपेट में आ गया। वह धू-धूकर जल गया। घटना से घर में कोहराम मच गया। बताया गया कि युवक मानसिक रोगी था।
यूपी के अमेठी में शनिवार सुबह एक श्रमिक रेलवे के विद्युत पोल पर चढ़ते समय हाई वोल्टेज करंट की चपेट में आ गया। करंट लगते ही वह धू-धू कर जलने लगा। कुछ ही देर में वह नीचे गिर गया। मौके पर ही उनकी मौत हो गई। युवक की पहचान हुसैनगंज कला गांव निवासी मोतीलाल (35) के रूप में हुई।
विज्ञापन
हादसा जगदीशपुर थाना क्षेत्र से गुजरने वाले लखनऊ-सुल्तानपुर-वाराणसी रेलवे ट्रैक पर हुआ। क्षेत्र के हुसैनगंज कला गांव निवासी गुड़िया ने बताया कि उनके पति मोतीलाल सुबह मवेशियों को चारा देने के बाद घर से निकले थे। कुछ देर गांव में लोगों के साथ बैठे थे। फिर रेलवे ट्रैक की तरफ चले गए। वहां हादसा हो गया।
गुड़िया ने बताया कि मोतीलाल एक सप्ताह से मनोरोग से पीड़ित थे। उनका इलाज चल रहा था। वह मजदूरी करके परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनको छह साल की बेटी राधा और आठ महीने की दुधमुंही बच्ची श्रद्धा है। पिता ईश्वरदीन अहमदाबाद में माली का कार्य करते हैं। अब परिवार के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक धीरेंद्र कुमार यादव ने बताया कि परिजनों की ओर से किसी तरह की शिकायत नहीं दी गई है। प्रारंभिक जांच में युवक के मानसिक रोगी होने की पुष्टि हुई है। मामले में विधिक कार्रवाई की जा रही है।