अमेठी। शहर के ककवा रोड स्थित रातों रात बंद की गई 102बी रेलवे क्रॉसिंग को स्थानीय सांसद व केंद्रीय मंत्री के हस्तक्षेप के बाद तीसरे दिन रेलवे ने खोलने का काम शुरू कर दिया है। सोमवार सुबह उच्चाधिकारियों के आदेश के बाद रेलकर्मियों ने मशीनों से लगाए गए पत्थर के गाटर उखड़ने शुरू कर दिए।
फ्लाईओवर निर्माण होने के बाद रेल प्रशासन ने शनिवार को रेलवे क्रॉसिंग को पूरी तरह से बंद कर दिया था। शनिवार को उद्योग व्यापार प्रतिनिधिमंडल के जिलाध्यक्ष महेश सोनी की अगुवाई में व्यापारियों और स्थानीय लोगों ने ज्ञापन दिया था। स्थानीय सांसद व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने मामले को संज्ञान में लेते हुए रेल मंत्रालय से बात करने के साथ मौके पर प्रतिनिधि विजय गुप्ता को भेजा था।
सोमवार सुबह आईओडब्लू सौरभ सिंह के नेतृत्व में कर्मचारी व मशीनरी मौके पर पहुंची। जेसीबी की मदद से क्रॉसिंग को बंद करने के लिए लगाए गए पत्थर के गाटर को उखाड़ने का काम शुरू हो गया। रेलवे क्रॉसिंग पर लाइन की मरम्मत के साथ ही अन्य कार्य शुरू किए गए।
आईओडब्लू सौरभ सिंह ने बताया कि उच्चाधिकारियों के आदेश पर रेलवे क्रॉसिंग के दोबारा संचालन को लेकर गाटरों को हटाने के साथ ही अन्य व्यवस्थाएं दुरुस्त की जा रही हैं। स्टेशन अधीक्षक जेपी शुक्ला ने बताया कि ककवा रोड रेलवे क्रॉसिंग को खोलने का कार्य किया जा रहा है। गेट मैनों की ड्यूटी लगाई गई है। जैसे ही कार्य पूर्ण हो जाएगा गेट का संचालन शुरू कर दिया जाएगा।
मिठाई बांटकर जताई खुशी
उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल के जिलाध्यक्ष महेश सोनी की अगुवाई में शहर में मिठाई बांटकर सांसद का आभार जताया गया। जिलाध्यक्ष ने कहा कि जिस तरह सांसद ने आम जनता और व्यापारियों की समस्याओं का त्वरित निस्तारण किया, आज तक के इतिहास में नहीं हुआ है। नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि फूलचंद कसौंधन, हरिकेश श्रीवास्तव की केंद्रीय मंत्री का आभार जताते हुए मिठाई बांटी। जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश अग्रहरि के प्रतिनिधि की ओर से प्रेस विज्ञप्ति जारी कर केंद्रीय मंत्री का आभार जताया गया। भाजयुमो जिलाध्यक्ष विषुव मिश्र, सोनू कसौंधन, राजेश मिश्र, विजय अग्रवाल, अनूप अग्रवाल, राजेश अग्रवाल, बृजेश मिश्र, सौरभ तिवारी, मोईन हासमी, बड़कऊ बरनवाल, मनोज सिंह, बाबूलाल शुक्ला, आलोक कसौधन, दुर्गेश सोनी, पवन वैश्य, मोनू सोनी आदि ने सांसद का आभार जताते हुए खुशी जाहिर की है।