एआरटीओ कार्यालय में लगी आवेदकों की भीड़। संवाद
अमेठी सिटी। सहायक संभागीय परिवहन कार्यालय (एआरटीओ) में सोमवार को सर्वर की खराबी के कारण कामकाज ठप रहा। सर्वर बंद रहने से ड्राइविंग लाइसेंस, नवीनीकरण और अस्थायी लाइसेंस से संबंधित कार्य पूरे दिन बाधित रहे। इससे करीब 150 से अधिक आवेदक बैरंग लौट गए और विभाग को लगभग 85 हजार रुपये का राजस्व नुकसान हुआ।
सुबह से ही एआरटीओ कार्यालय में लोग लाइसेंस से जुड़ी प्रक्रिया पूरी करने पहुंचे थे, मगर सर्वर के बंद होने से फीस जमा नहीं हो सकी। आवेदक घंटों लाइन में लगे रहे, लेकिन दोपहर तक कोई कार्य शुरू नहीं हो पाया। तकनीकी दिक्कत दूर होने में देरी के कारण कई लोग निराश होकर लौट गए।
दोपहर बाद कुछ समय के लिए सर्वर चालू हुआ तो सीमित संख्या में आवेदकों का कार्य हो सका। कटरा निवासी अभिषेक सिंह ने बताया कि वे अस्थायी लाइसेंस बनवाने आए थे, लेकिन सर्वर न चलने से प्रक्रिया अधूरी रह गई। जगदीशपुर के जितेंद्र कुमार ने कहा कि सुबह नौ बजे पहुंचे थे, लेकिन दोपहर बाद भी फीस जमा नहीं हो सकी।
एआरटीओ महेंद्र बाबू ने बताया कि बीएसएनएल नेटवर्क में आई तकनीकी दिक्कत के कारण सारथी सर्वर ठप हो गया था। इससे लाइसेंस से जुड़ी सभी ऑनलाइन सेवाएं प्रभावित रहीं। नेटवर्क सामान्य होने के बाद कार्य फिर से शुरू किए गए।