अमेठी के नरैनी में शहीद की प्रतिमा पर माल्यार्पण करतीं राज्य महिला आयोग की सदस्य।-संवाद
अमेठी। गांधी जयंती के अवसर पर वीर शहीदों की स्मृति में आयोजित कार्यक्रम के तहत वीर शहीद अनिल मौर्य को श्रद्धांजलि दी गई। इस अवसर पर राज्य महिला आयोग की सदस्य डॉ. प्रियंका मौर्य नरैनी स्थित शौर्य स्मारक स्थल पहुंचीं और शहीद अनिल मौर्य की प्रतिमा पर भावपूर्ण श्रद्धासुमन अर्पित किए।
शहीद अनिल मौर्य छत्तीसगढ़ के सुकमा में सीआरपीएफ यूनिट नंबर सात में उपनिरीक्षक के पद पर तैनात थे। नक्सली हमले में उन्होंने वीरगति पाई थी। उनके शौर्य और बलिदान को याद करते हुए उपस्थित जनसमूह ने उन्हें नमन किया। बृहस्पतिवार दोपहर स्मारक स्थल पर बड़ी संख्या में शुभचिंतक, गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। डॉ. प्रियंका ने कहा कि शहीद अनिल मौर्य जैसे वीर सपूतों के बलिदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता।
श्रद्धांजलि अर्पित करने के बाद डॉ. मौर्य ने शहीद के परिजनों से बातचीत की। इस दौरान उन्होंने परिजनों का हालचाल लिया और भरोसा दिलाया कि शहीद परिवारों के सम्मान व सहयोग के लिए सरकार और समाज हमेशा उनके साथ खड़ा है। इस मौके पर शहीद के भाई अरुण कुमार मौर्य, पुत्र राहुल मौर्य, शिवभानु, कृष्णा आदि मौजूद रहे।