अमेठी सिटी। स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं के हाथों को हुनर के साथ आर्थिक मजबूती देने की तैयारी है। छोटे कारोबार को बड़े उद्यम में बदलने के लिए सरकार 15 लाख रुपये तक का ब्याजमुक्त ऋण उपलब्ध कराएगी। इससे महिलाएं अपने कारोबार का विस्तार कर सकेंगी और दूसरी महिलाओं के लिए भी रोजगार के रास्ते खोल सकेंगी।
योजना का लाभ विनिर्माण और सेवा क्षेत्र में काम कर रहीं उन महिला उद्यमियों को मिलेगा, जिनका सालाना टर्नओवर 12 लाख रुपये से अधिक है। इसके लिए आवेदन मांगे जा रहे हैं। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत जिले में करीब 12 हजार स्वयं सहायता समूह गठित किए जा चुके हैं। इनसे जुड़ी महिलाएं स्वरोजगार के जरिये परिवार की आमदनी बढ़ाने में योगदान दे रही हैं।
कोई किराना और जनरल स्टोर चला रही है तो कोई मसाले, तेल, आटा, दोना-पत्तल और रेडीमेड कपड़ों का कारोबार कर रही है। ब्यूटी पार्लर, कॉस्मेटिक दुकान और अन्य सेवा आधारित कामों में भी महिलाएं अपनी पहचान बना रही हैं।
जिले में महिला समूहों की ओर से चार टेक होम राशन प्लांट भी संचालित किए जा रहे हैं। अब इन उद्यमों को अगले स्तर तक पहुंचाने के लिए इन्क्यूबेशन कार्यक्रम से जोड़ा जाएगा। पात्र महिलाओं के आवेदन का आईआईएम लखनऊ की टीम निरीक्षण करेगी। कारोबार की क्षमता का आकलन करने के बाद चयन किया जाएगा।
चयनित महिलाओं को 15 लाख रुपये तक की ब्याजमुक्त पूंजी उपलब्ध कराई जाएगी। साथ ही करीब 18 महीने तक विशेषज्ञों का मार्गदर्शन मिलेगा। उपायुक्त स्वत: रोजगार प्रवीणा शुक्ला ने बताया कि 12 लाख रुपये से अधिक टर्नओवर वाले विनिर्माण और सेवा क्षेत्र के महिला उद्यमियों से आवेदन मांगे जा रहे हैं।