मुंशीगंज के उलरा गांव में श्रीमद्भागवत कथा सुनते श्रद्धालु। स्रोत: आयोजक
मुंशीगंज। दूसरों के जीवन में खुशियां बांटना और किसी जरूरतमंद के आंसू पोंछना भी ईश्वर की आराधना है। सच्ची भक्ति का अर्थ केवल मंदिर में पूजा करना नहीं, बल्कि अपने व्यवहार से दूसरों के प्रति संवेदना प्रकट करना है। रविवार को उलरा गांव में चल रही श्रीमद्भागवत कथा के चौथे दिन प्रवाचक रविदेव शास्त्री ने श्रद्धालुओं को यह संदेश दिया।
प्रवाचक ने कहा कि मनुष्य का मन जब तक ईर्ष्या, द्वेष और अहंकार से घिरा रहेगा, तब तक उसे वास्तविक शांति नहीं मिल सकती। दूसरों की उन्नति देखकर प्रसन्न होना और जरूरत पड़ने पर उनके साथ खड़े रहना ही अच्छे संस्कारों की पहचान है। प्रवाचक ने कहा कि जिस घर में प्रेम और सहयोग का वातावरण होता है, वहां सुख-शांति बनी रहती है।
उन्होंने भागवत के प्रसंगों के माध्यम से समझाया कि सेवा और परोपकार से बढ़कर कोई धर्म नहीं है। मनुष्य को अपने सामर्थ्य के अनुसार दूसरों की मदद करनी चाहिए। इस मौके पर मुख्य यजमान चंद्रशेखर पांडेय, ज्ञानप्रकाश, बृजेश मिश्र, वैभव, रुद्र, प्रांजल, सुशील मिश्र और विनोद मिश्रा आदि मौजूद रहे।