अमेठी। मिशन शक्ति अभियान के तहत बुधवार को महिलाओं और बच्चों ने सीडीओ से फोन पर शिकायत के साथ हक की बात की। शासन के निर्देश पर आयोजित संवाद कार्यक्रम में सीडीओ ने शिकायतों की सुनवाई करते हुए उनके निस्तारण की व्यवस्था सुनिश्चित करते हुए सुरक्षा व स्वावलंबन के लिए संचालित योजनाओं की विस्तार से जानकारी दी।
महिलाओं और बच्चों को स्थानीय समस्याओं के साथ ही यौन शोषण, घरेलू हिंसा, दहेज, आर्थिक समस्याओं के साथ अन्य परेशानियों को दूर करने के लिए बुधवार को विकास भवन में संवाद कार्यक्रम आयोजित हुआ। कार्यक्रम में सीडीओ डॉ. अंकुर लाठर ने फोन पर महिलाओं के शिकायतों की सुनवाई करते हुए समयबद्ध निस्तारण के लिए अफसरों को निर्देश दिया।
सीडीओ ने शिकायतों की सुनवाई के बाद महिलाओं को मिशन शक्ति के साथ विभिन्न विभागीय योजनाओं तथा आत्मरक्षा व स्वावलंबन की विस्तार से जानकारी दी। सीडीओ ने बताया कि विद्यालय के पास शराब की दुकान, विद्यालय के समय आस-पास असामाजिक तत्वों का जमावड़ा, किसी घर में महिला या बच्चे के साथ किसी प्रकार की हिंसा होना, आने-जाने वाले रास्ते में लाइट न होने की जानकारी फोन करने वाली महिलाओं से हासिल की गई।
सीडीओ ने बताया कि महिलाओं व बच्चों की सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलंबन के लिए चलाये जा रहे मिशन शक्ति के तहत मानसिक स्वास्थ्य तथा सामाजिक मुद्दों से सुरक्षा और सपोर्ट करते हुए उन्हें आत्म निर्भर बनाया जा रहा है। सीडीओ ने बताया कि संवाद कार्यक्रम में मिली शिकायतों को समयबद्ध निस्तारण का निर्देश जिम्मेदारों को दिया गया है। शिकायत का निस्तारण नहीं होने पर जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।