अमेठी सिटी। जिला मुख्यालय गौरीगंज के टिकरिया स्थित सभागार में बृहस्पतिवार को राष्ट्रीय महिला दिवस पर एसीसी अदानी फाउंडेशन की ओर से मीडिया पार्टनर अमर उजाला संग महिला सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में उत्कृष्ट कार्य करने वाली ग्रामीण क्षेत्र की 230 महिलाओं को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन करते हुए शिक्षा, सुरक्षा व स्वावलंबन की राह दिखाई गई।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए गौरीगंज के रामगंज कौहार स्थित सैनिक स्कूल की प्राचार्य लेफ्टिनेंट कर्नल गीता महादिक ने कहा कि आत्मरक्षा संग स्वावलंबन व शिक्षा की तरफ महिलाओं की सजगता का परिणाम है कि संसद से लेकर सेना तक हर क्षेत्र में महिलाओं की भागीदारी बढ़ रही है। खुद महिलाओं ने भी इन क्षेत्रों में खुद को शून्य से आगे बढ़ाते हुए स्थापित किया है।
एसीसी लेडीज क्लब हेड अनुराधा शर्मा ने कहा कि अपनी योग्यता, मेहनत, धैर्य और दृढ़ इच्छाशक्ति के बल पर आज की नारी ने हर क्षेत्र में अपना लोहा मनवाया है। वह अपने हर सपने को साकार करने में लगी हैं। महिलाओं के सपनों को पंख देने में एसीसी अदानी फाउंडेशन टिकरिया बेहतर भूमिका निभा रहा है।
फाउंडेशन के सहयोग से जीवन में सामाजिक और आर्थिक क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने वाली महिलाओं ने भी कार्यक्रम में कहानियां साझा कीं। इस दौरान नाटक और गायन प्रस्तुत कर ग्रामीण महिलाओं ने महिला सशक्तीकरण व स्वावलंबन की आवश्यकता समझाई। इस मौके पर फाउंडेशन के सीएसआर हेड जमील खान, योगेश शुक्ला एवं सीएसआर टीम के सदस्य संग ग्रामीण क्षेत्र की महिलाएं मौजूद रहीं।