अमेठी सिटी। अघोषित बिजली कटौती, लगातार ट्रिपिंग और बिजली बिलों में त्रुटियों से नाराज महिलाओं ने शुक्रवार को अधिशासी अभियंता विद्युत वितरण खंड गौरीगंज के कार्यालय का घेराव कर विरोध प्रदर्शन किया। धरना प्रदर्शन की समाप्ति से पहले नाराज महिलाओं ने अपनी मांगों का एक ज्ञापन भी अधिशासी अभियंता अभिषेक कुमार को सौंपा।
रीता सिंह जनकल्याण समिति के बैनर तले पहुंचीं महिलाओं ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में तय रोस्टर के अनुसार बिजली आपूर्ति नहीं हो रही है। दिन और रात में बार-बार होने वाली कटौती और ट्रिपिंग से लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। भीषण गर्मी में घरेलू कामकाज, बच्चों की पढ़ाई और पेयजल आपूर्ति प्रभावित हो रही है। आक्रोशित महिलाओं ने आरोप लगाया कि कई उपभोक्ताओं को गलत बिजली बिल भेजे जा रहे हैं।
शिकायत करने के बाद भी समय पर बिल में सुधार न कर उपकेंद्रों तक दौड़ाया जाता है। महिलाओं ने जामों उपकेंद्र पर तैनात कनिष्ठ अभियंता के कार्य व्यवहार पर भी सवाल उठाते हुए कार्रवाई की मांग की गई। समिति अध्यक्ष रीता सिंह ने कहा कि बिजली व्यवस्था में जल्द सुधार नहीं हुआ तो आंदोलन को तेज किया जाएगा। ज्ञापन में अघोषित कटौती बंद करने, रोस्टर के अनुसार निर्बाध आपूर्ति देने और उपभोक्ताओं की शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने की मांग की गई। विरोध प्रदर्शन में गीता, काजल, रामलली, कंचन समेत काफी संख्या में महिलाएं मौजूद रहीं।