गौरीगंज स्थित पीडब्ल्यूडी कार्यालय के बाहर प्रदर्शन करती महिलाएं। -संवाद
अमेठी सिटी। पुलिया और सड़कों की बदहाली पर मंगलवार को महिला किसानों ने पीडब्ल्यूडी कार्यालय का घेराव कर प्रदर्शन किया। महिलाओं ने 15 दिन में सुधार कार्य शुरू कराने की मांग को लेकर अधिशासी अभियंता को ज्ञापन सौंपा।
रीता सिंह जनकल्याण समिति की अध्यक्ष रीता सिंह के नेतृत्व में कई महिला किसान गौरीगंज स्थित पीडब्ल्यूडी कार्यालय पहुंची। उन्होंने नारेबाजी कर जर्जर सड़कों और क्षतिग्रस्त पुलिया की मरम्मत कराने की मांग की। कहा कि रायबरेली-सुल्तानपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर राजीव गांधी साइंस कॉलेज मोड़ से अमेठी को जोड़ने वाली सड़क पर बनी दो पुलिया सड़क की सतह से ऊंची-नीची हैं। इससे दोपहिया वाहन चालकों को तेज झटका लगता है और दुर्घटना का खतरा बना रहता है।
उन्होंने बताया कि महिला थाना गौरीगंज और जिला चिकित्सालय मोड़ पर स्पीड ब्रेकर नहीं होने से तेज रफ्तार वाहनों से हादसे का खतरा रहता है। मुंशीगंज चौराहे पर भी वाहनों की रफ्तार से लोगों की सुरक्षा प्रभावित होती है। मनीपुर-दुर्गभवानी संपर्क मार्ग की पुलिया क्षतिग्रस्त है। सड़क पर जगह-जगह गड्ढे होने से ग्रामीणों को आवागमन में परेशानी होती है। समिति ने पुलिया समतल कराने, जरूरी स्थानों पर स्पीड ब्रेकर बनवाने और जर्जर मार्ग की मरम्मत कराने की मांग की। रीता सिंह ने कहा कि 15 दिन में सुधार कार्य शुरू नहीं हुआ तो समिति सड़क पर उतरकर आंदोलन करेगी। प्रदर्शन में सुषमा, कमलेश, रानी और मंजू देवी समेत कई महिला किसान मौजूद रहीं।