गौरीगंज में सीएमओ को ज्ञापन देती संगठन अध्यक्ष। स्रोत : संगठन
अमेठी सिटी। सरकारी अस्पतालों में विशेषज्ञ चिकित्सकों, अल्ट्रासाउंड जांच, चिकित्सा उपकरणों और स्वास्थ्यकर्मियों की कमी से प्रभावित स्वास्थ्य सेवाओं के विरोध में बृहस्पतिवार को महिला किसानों ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय पर प्रदर्शन किया। इसके बाद मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अंशुमान सिंह को ज्ञापन सौंपकर अस्पतालों में बेहतर इलाज की व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की।
महिला किसानों ने कहा कि जिले के कई सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर महिला रोग विशेषज्ञ, बाल रोग विशेषज्ञ और अन्य विशेषज्ञ चिकित्सकों के पद लंबे समय से खाली हैं। अल्ट्रासाउंड जांच की समुचित व्यवस्था न होने से मरीजों, विशेषकर गर्भवती महिलाओं को निजी केंद्रों का सहारा लेना पड़ता है। पर्याप्त चिकित्सा उपकरण और स्वास्थ्यकर्मियों के अभाव में समय पर उपचार नहीं मिल पाता, जिससे गंभीर मरीजों को जिला अस्पताल अथवा दूसरे जनपदों में रेफर करना पड़ता है।
उन्होंने आरोप लगाया कि कई अस्पतालों के भवन जर्जर हैं और बारिश में छतें टपकती हैं। महिला किसानों ने रिक्त पदों पर विशेषज्ञ चिकित्सकों की नियुक्ति, सभी प्रमुख स्वास्थ्य केंद्रों पर अल्ट्रासाउंड जांच की नियमित सुविधा, आवश्यक चिकित्सा उपकरण उपलब्ध कराने, स्वास्थ्यकर्मियों की तैनाती और अस्पतालों की आधारभूत सुविधाएं दुरुस्त कराने की मांग की। सीएमओ ने ज्ञापन लेकर आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया। इस मौके पर रीता सिंह, सुषमा, कमलेश, रानी, मीरा और शांति सहित कई महिलाएं मौजूद रहीं।