बाजार शुकुल (अमेठी)। क्षेत्र में दो बाइकों की भिड़ंत में एक महिला की मौत हो गई। दोनों बाइक पर सवार चार लोग घायल हो गए। घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से एक की हालात नाजुक देख ट्रॉमा सेंटर, रेफर कर दिया गया।
क्षेत्र के पूरे बड़गाइन गांव निवासी रामतीरथ यादव की पत्नी धर्मराजी (45) सोमवार को अपने बेटे रामबाबू के साथ बाइक से मां कामाख्या भवानी के दर्शन करने जा रही थी।
उरेरमऊ गांव के पास सामने से आ रहे शिवरतनगंज निवासी ओम प्रकाश, श्रीमती व नीतू की बाइक अनियंत्रित होकर रामतीरथ की बाइक से भिड़ गई। इस हादसे में पांचों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
स्थानीय लोगों ने पांचों घायलों को एंबुलेंस की मदद से अस्पताल पहुंचाया, जहां उपचार के दौरान धर्मराजी की मौत हो गई। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद ओम प्रकाश की हालात नाजुक देख ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया।
धर्मराजी की मौत के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है। प्रभारी निरीक्षक विश्वनाथ यादव ने बताया कि तहरीर मिलने के बाद केस दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।