गौरीगंज (अमेठी)। मुंशीगंज थाने के गोवर्धनपुर गांव में बृहस्पतिवार को संदिग्ध दशा में महिला की मौत के कारण पर छाया संशय पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में भी दूर नहीं हो सका। तीन डॉक्टरों ने वीडियो कैमरे की निगरानी में पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में मौत का कारण स्पष्ट नहीं हुआ। विसरा सुरक्षित कराने के बाद पुलिस पूरे प्रकरण की जांच में जुटी है।
मुंशीगंज थानाक्षेत्र के गोवर्धनपुर गांव निवासी महिला विमला देवी का शव घर से बृहस्पतिवार को घर 50 मीटर दूर ढैंचा के खेत में संदिग्ध हालात में मिला था। शव पर कई स्थानों कलाई, दाएं हाथ की कोहनी, पीठ आदि पर खरोंच के निशान थे। शव मिलने के बाद परिजनों ने सूचना पुलिस को दी। विमला की मौत के बाद परिजन गमगीन है।
बता दें कि क्षेत्र के चर्चित फौजी हत्याकांड में महिला के नाम आवंटित सिम का प्रयोग होने व जल्द गवाही दर्ज होने की बात पर तरह-तरह की चर्चा होती रहीं। हालांकि कोई भी साफ तौर पर कुछ बोलने को तैयार नहीं था। परिजनों की ओर कोई तहरीर नहीं दी गई है। शव पर मिले चोट के निशान को देखते हुए पुलिस पंचायतनामा के आधार शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा था।
पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में भी मौत का कारण स्पष्ट नहीं हो सका। ऐसे में बिसरा सुरक्षित करते हुए पुलिस पूरे प्रकरण की जांच में जुटी है। पोस्टमॉर्टम के बाद पुलिस की मौजूदगी में अंतिम संस्कार की कार्रवाई पूरी हुई। एसएचओ शिवांकात पांडेय ने बताया कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में मौत का कारण स्पष्ट नहीं हुआ है। पूरे प्रकरण की जांच की जा रही है। परिजनों की ओर से कोई तहरीर नहीं दी गई है।
वॉक्स
चर्चित फौजी हत्याकांड की थी गवाह मृतक
गौरीगंज (अमेठी)। मुंशीगंज थानाक्षेत्र में 17 अक्तूबर 2021 को पश्चिम दुआरा निवासी सेवानिवृत्त फौजी संतोष सिंह शारदन के पास पिकअप से रौंदकर हत्या कर दी गई थी। अस्पताल में मृत्यु से पहले संतोष सिंह के बयान पर पुलिस ने केस दर्ज कर जांच की चुनावी विवाद में पश्चिम दुआरा निवासी विजय प्रताप सिंह उर्फ गल्लन सिंह तथा भुसियावां निवासी श्याम बिहारी शुक्ला को गिरफ्तार कर जेल भेजा।
हत्याकांड में गल्लन सिंह पर रासुका भी लगा चुका है। जांच में पता चला कि घटना के वक्त गल्लन व श्यामबिहारी के सिम को प्रयोग किया था। विमला के आधार कार्ड पर लिया गया था। विमला ने अपने बयान में सिम खरीद व प्रयोग से जुड़ी जो जानकारी पुलिस को दी थी उस आधार पर जल्द ही मृतका का बयान कोर्ट में दर्ज होना था। गवाह की मौत गवाही से पहले होना लोगों के बीच चर्चा का विषय बनी है, तो मौत का राज फाश करना पुलिस के लिए चुनौती बन गया है।