मुसाफिरखाना। मठा भूसुंडा गांव निवासी नीलम (32) का शव बुधवार देर शाम कमरे में संदिग्ध परिस्थितियों में कुंडे के सहारे दुपट्टे से लटका मिला। परिजन उन्हें लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मुसाफिरखाना पहुंचे, जहां चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया।
नीलम के पति सुनील यादव बैंक कर्मी हैं। सुनील ने बताया कि बुधवार शाम उनकी पत्नी नीलम कमरे में थी। उनकी मां घर के बाहर एक वर्षीय पुत्री के साथ थी। काफी देर तक नीलम कमरे से बाहर नहीं आई तो मां ने आवाज दी, लेकिन कोई उत्तर नहीं मिला। इसके बाद दरवाजा तोड़ा गया तो घटना की जानकारी हुई। नीलम का मायका चंदीपुर गांव में है। दोनों का विवाह जून 2023 में हुआ था। नीलम के माता-पिता को सूचना दे दी गई है। थाना प्रभारी श्रवण कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। रिपोर्ट आने के बाद कार्रवाई की जाएगी।