जामों (अमेठी)। इलाके के एक गांव की रहने वाली महिला का खून से लथपथ शव शुक्रवार सुबह प्राथमिक विद्यालय के पास मैदान में मिला। शुरुआती जांच में गला रेतकर हत्या की पुष्टि हुई है। पति की तहरीर पर पुलिस केस दर्ज कर जांच में जुटी है। वहीं ग्रामीण दुष्कर्म की आशंका भी जता रहे हैं।
पुलिस के मुताबिक घटनास्थल से ब्लेड, खून के निशान और अन्य सामग्री बरामद की गई है। परिजनों का कहना है कि बृहस्पतिवार शाम मृतका कपड़े खरीदने निकली थी लेकिन देर रात तक घर नहीं लौटी। खोजबीन के बाद शुक्रवार सुबह उसका शव मिला। पुलिस ने पति की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया है।
फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल की बारीकी से जांच कर नमूने एकत्र किए। पुलिस मृतका के पति के बयानों में विरोधाभास के चलते उसे भी जांच के दायरे में रखकर पूछताछ कर रही है। गांववालों के अनुसार घटना से पहले पति-पत्नी के बीच कहासुनी भी हुई थी।
पोस्टमार्टम की करवाई गई वीडियोग्राफी
सीओ अखिलेश कुमार वर्मा ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम डॉक्टरों की पैनल टीम से कराया जा रहा है। पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी कराई गई है, जिससे घटना की सत्यता स्थापित की जा सके।
अहम सुराग लगे हाथ, खुलासा जल्द
पति ने हत्या का आरोप लगाया है। पैनल से पोस्टमार्टम करवाया जा रहा है। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसओजी और जामों पुलिस की संयुक्त टीमें जांच में जुटी हैं। कुछ अहम सुराग हाथ लगे हैं।
-अपर्णा रजत कौशिक, पुलिस अधीक्षक, अमेठी