अमेठी। पूरबपट्टी बसायकपुर दरखा गांव में शुक्रवार रात कच्ची दीवार गिरने से सूर्यकला (40) की मौत हो गई। हादसे के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। राजस्व विभाग सहायता दिलाने की प्रक्रिया में जुटा है।
पति अजय कुमार ने बताया कि रात में सूर्यकला रसोई में खाना बना रही थीं। अचानक घर की कच्ची दीवार भरभराकर गिर गई और मलबा सीधे उन पर आ गिरा। दबने से वह गंभीर रूप से घायल हो गईं। परिजनों ने किसी तरह मलबा हटाकर उन्हें बाहर निकाला और एंबुलेंस से जिला अस्पताल ले गए। चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद सूर्यकला को मृत घोषित कर दिया।
थाना प्रभारी रवि सिंह ने बताया कि आवश्यक विधिक कार्रवाई की गई है। एसडीएम आशीष सिंह ने कहा कि घटना की जानकारी मिलते ही लेखपाल को मौके पर भेजा गया। उन्होंने कहा कि जांच रिपोर्ट प्राप्त होने पर पीड़ित परिवार को शासन से अनुमन्य आर्थिक सहायता दी जाएगी।