अमेठी। जामों के पूरे चितई गांव में शुक्रवार सुबह बीच सड़क पर हुई हत्या के आरोपी को पुलिस ने शनिवार को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी रामबहादुर (35) के पास से हत्या में प्रयुक्त मछली काटने वाला चाकू और एक मोटरसाइकिल बरामद हुई। पुलिस ने हत्या और आर्म्स एक्ट में कार्रवाई कर उसे जेल भेज दिया।
थाना प्रभारी निरीक्षक विनोद सिंह ने बताया कि दोस्त राजेश कुमार (40) और रामबहादुर के बीच पांच अगस्त को शराब के पैसों को लेकर विवाद हुआ था। उस समय राजेश ने आरोपी को पीटा और घर जाते वक्त रास्ते में उसकी मोटरसाइकिल पर ईंट मार दी थी। इससे नाराज होकर आरोपी ने बदला लेने का मन बना लिया। शुक्रवार सुबह करीब आठ बजे राजेश चौराहे से चाय पीकर घर लौट रहा था। चितई चौराहे के पास 0मौजूद रामबहादुर ने पीछे से आकर चाकू से कई वार किए। गंभीर रूप से घायल राजेश जमीन पर गिर पड़ा। शोर सुनकर पहुंचे ग्रामीणों ने उसे सीएचसी जगदीशपुर भेजा, जहां से हालत नाजुक देख डॉक्टरों ने ट्रॉमा सेंटर रेफर किया, लेकिन वहां उसे मृत घोषित कर दिया गया।
घटना के बाद मृतक की मां फूलकली की तहरीर पर हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया। शनिवार दोपहर पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी गांव के बाहर मौजूद है। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। पूछताछ में उसने वारदात की बात स्वीकार करते हुए बताया कि उसने घर से मछली काटने वाला चाकू लिया और अपनी मोटरसाइकिल से चौराहे के पास पहुंचा। वहां राजेश का इंतजार किया और जैसे ही वह लौटा, पीछे से हमला कर मौके से भाग गया। आरोपी की निशानदेही पर चाकू चितई रोड किनारे पानी से बरामद किया गया। बरामद मोटरसाइकिल के कागजात वह नहीं दिखा सका। पुलिस ने विधिक कार्रवाई पूरी कर उसे कोर्ट में पेश किया, जहां से जेल भेज दिया गया।