गौरीगंज (अमेठी)। जामो थाना क्षेत्र के बसंतपुर में दो दिन पूर्व हुई युवक की हत्या का पुलिस ने रविवार को खुलासा कर दिया। पुलिस के अनुसार युवक की हत्या उसकी पत्नी ने अपने प्रेमी व उसके दो दोस्तों के साथ मिलकर की थी। पुलिस ने रविवार सुबह सभी को गिरफ्तार कर हत्या में प्रयुक्त बाइक भी बरामद कर ली है। गौरतलब है कि हत्या में प्रयुक्त चाकू पुलिस पहले ही बरामद कर चुकी है।
जगदीशपुर थाने के पूरे अधार निवासी श्रीनाथ यादव जामो थाने के बसंतपुर गांव स्थित अपनी ससुराल में रहता था। गुरुवार रात घर से निकले श्रीनाथ का शव शुक्रवार सुबह गांव के बाहर स्थित एक बाग में मिला था। शव के पास से पुलिस ने दो चाकू के अलावा शराब व पानी की बोतल बरामद की थी।
मृतक के बड़े भाई राम उदित की तहरीर पर पुलिस ने मृतक की पत्नी संजू व उसके एक रिश्तेदार को नामजद किया था। घटना के तत्काल बाद मौके पर पहुंचे एसपी दिनेश सिंह ने तीन टीमों का गठन करते हुए मामले का जल्द खुलासा करने का निर्देश दिया था।
एसपी के निर्देश पर सक्रिय टीमों ने रविवार सुबह मृतक की पत्नी संजू, उसके रिश्तेदार शिवरतनगंज थाने के लंगोटी गांव निवासी मुन्ना यादव व इसी गांव के संदीप रावत और मोहनगंज के पाकरगांव निवासी रंजन यादव को कृष्णानगर चौराहे के पास से धर दबोचा।
रविवार दोपहर बाद कलेक्ट्रेट सभागार में मीडिया से मुखातिब एसपी ने मामले का खुलासा किया। एसपी ने कहा कि संजू व मुन्ना के बीच दो वर्ष से प्रेम प्रसंग चल रहा था। श्रीनाथ इसका विरोध करता था। इसी बात को लेकर गुरुवार रात चारों ने मिलकर श्रीनाथ की चाकू से गोदकर हत्या कर दी।